‘साइकिल’ पर सस्पेंस खत्म होते ही अखिलेश गुट में खुशी की लहर दौड़ गई। आतिशबाजी के साथ-साथ मिठाई बांटी गई। इधर, शिवपाल समर्थकों ने भी हथियार डाल दिए हैं। कल तक जो अखिलेश यादव के विरोधी थे, वे भी जश्न में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री अखिलेश गुट को ‘साइकिल’ चुनाव चिह्न दिए जाने की घोषणा के बाद फतेहाबाद रोड स्थित पार्टी कार्यालय पर आतिशबाजी हुई। धौलपुर हाउस स्थित महानगर कैंप कार्यालय पर मिठाई बांटी गई। इसमें तमाम ऐसे भी नेता और कार्यकर्ता शामिल थे, जो शिवपाल सिंह के साथ थे। मगर, चुनाव आयोग के फैसले के बाद इन्होंने भी पाला बदल लिया। पूर्व मंत्री शिवकुमार राठौर, जिलाध्यक्ष राम सहाय यादव, महानगर अध्यक्ष रईसउद्दीन, राजपाल यादव, श्याम भोजवानी, अनिल रावत, वीनू महाजन, ममता टपलू, मुकेश यादव, राहुल चतुर्वेदी, सौरभ गुप्ता, रिजवानउद्दीन आदि ने खुशी मनाई।
इनसेट
शिवपाल का फोटो ढकवाया!
बताया जा रहा है कि महानगर कैंप कार्यालय पर बैठक के लिए जब अखिलेश गुट के लोग पहुंचे तो यहां बैनर पर शिवपाल सिंह यादव का फोटो देखकर भड़क गए। उन्होंने पहले इस फोटो को ढकवाया। इसके बाद ही बैठक करने को तैयार हुए।
तारघर में होगी रैली
जिलाध्यक्ष राम सहाय यादव का कहना है कि अखिलेश यादव की 19 जनवरी को होने वाली रैली तारघर मैदान पर होगी। जिलाधिकारी गौरव दयाल का कहना है कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के संबंध में फिलहाल कोई कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है।
सपा प्रत्याशियों का असमंजस
आगरा। नामांकन प्रक्रिया आज से शुरू हो रही है लेकिन सपा प्रत्याशी नामांकन को लेकर अभी भी असमंजस में है। नामांकन को लेकर पूर्व में घोषित हो चुके किसी भी प्रत्याशी की कोई तैयारी नहीं है। वे नये समीकरण की वजह से पसोपेश में हैं। अब सबकी नजरें अखिलेश की सूची पर हैं।
सपा की पहली सूची में बाह से अरिदमन सिंह, खेरागढ़ से पक्षालिका सिंह, फतेहाबाद से डा. राजेंद्र सिंह, दक्षिण से क्षमा जैन सक्सेना, उत्तर से कुंदनिका शर्मा, छावनी से चंद्रसेन टपलू, ग्रामीण से राकेश धनगर, एत्मादपुर से प्रेम सिंह बघेल और फतेहपुर सीकरी से राम निवास शर्मा को प्रत्याशी घोषित किया गया था। बता दें कि चंद्रसेन टपलू का पिछले दिनों निधन हो चुका है। कुछ दिन बाद ही अखिलेश यादव ने अपनी सूची जारी कर दी। इसमें सिर्फ तीन नाम थे। बाह से अरिदमन सिंह, खेरागढ़ से पक्षालिका सिंह और फतेहपुर सीकरी से लाल सिंह लोधी। इसमें से अरिदमन सिंह और पक्षालिका सिंह सपा छोड़कर भाजपा में शामिल हो चुके हैं।