आगरा। पांचवें मंगलानंद कप टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में उदय यादव और संकल्प यादव की शानदार बल्लेबाजी आकर्षण का केंद्र रही। दोनों की टीमों ने सेमीफाइनल में जगह बना ली।
शमसाबाद रोड स्थित बरौली अहीर में मेजबान टीम प्रवीन कुमार क्रिकेट एकेडमी ‘ए’ ने बीसीएफ एकेडमी को 24 रन से हराया। टॉस जीतकर बीसीएफ ने पहले गेंदबाजी चुनी। मेजबान टीम ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 150 रन बनाए। उदय यादव ने 55 और सुमित वशिष्ठ ने 42 रन बनाए। बीसीएफ के आदर्श ठाकुर ने तीन विकेट लिए। बीसीएफ की टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी। माधव थापक ने 19 रन बनाए। नितिन गोला ने तीन और करन गोला ने दो विकेट लिए। नितिन को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मुकाबले में एकलव्य एकेडमी शिकोहाबाद ने प्लैनम स्पोर्ट्स एकेडमी मथुरा को 168 रन से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए एकलव्य ने 20 ओवर में 311 रन बनाए। संकल्प यादव ने 53 गेंदों में 18 छक्कों और 10 चौकों की मदद से 164 रन की विस्फोटक पारी खेली। अभिषेक यादव ने 51 रन बनाए। प्लैनम स्पोर्ट्स के भोजराज मैथिल ने दो विकेट लिए। मथुरा की टीम 143 रन पर सिमट गई। संकल्प को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस जीत के साथ विजेता टीमों ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।