उत्तर प्रदेश के आगरा शहर में शुक्रवार को संजय प्लेस की हवा सबसे खराब रही। हवा में पार्टिकुलेट मैटर (पीएम) 2.5 और पीएम 10 की मात्रा अधिक रही। एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 116 रहा। जो कि मध्यम स्तर का है।
विज्ञापन
बारिश के बाद से शहर के बाकी हिस्सों की हवा संतोषजनक है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रक बोर्ड की ओर से छह जगह वायु की गुणवत्ता मापने के लिए यंत्र लगाए गए हैं। संजय प्लेस को छोड़कर बाकी सभी जगहों पर एक्यूआई 100 से कम रहा। संजय प्लेस में पीएम 2.5 सुबह के समय अधिकतम 173 माइक्रोग्राम प्रति मीटर क्यूबिक पहुंच गया। औसत 98 रहा। जबकि पीएम-10 अधिकतम 147 और औसत 116 माइक्रोग्राम प्रति मीटर क्यूबिक रहा।
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के विज्ञान संकाय के डीन प्रो. अजय तनेजा ने बताया कि पीएम 2.5 वाहनों से निकलने वाले धुएं आदि से और पीएम-10 धूल कणों की वजह से बढ़ता है। ठंड बढ़ने के साथ इसका स्तर बढ़ेगा। खासतौर पर सुबह धूप जैसे बढ़ती है धूल ऊपर उठता है। पीएम 2.5 और पीएम 10 का स्तर बढ़ने पर सांस रोगियों को परेशानी होती है।