जलेसर रोड स्थित अपने क्षेत्र में सुपरवाइजर से रुपये की मांग करने पर हंगामा करते सफाई कर्मचारी
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। नगर निगम में तैनात एक सफाई नायक ने उपसभापति पर अवैध रूप से वसूली करने का आरोप लगाया है। उपसभापति की मनमानी व उत्पीड़नात्मक रवैया से नाराज सफाई कर्मियों ने उनके आवास पर प्रदर्शन एवं नारेबाजी की।
जान जोखिम में डाल कर नगर को सफाई कार्यों को अंजाम दे वाले सफाई कर्मियों से उपस्थिति दर्ज करने एवं कार्य स्थलों पर तैनाती जैसे कार्यों में वसूली का खेल चल रहा है। इसी तरह के एक मामले में शुक्रवार को नगर निगम में तैनात सफाई कर्मियों ने उपसभापति योगेश शंखवार के आवास पर हंगामा खड़ा कर दिया। उपसभापति पर उत्पीड़न का आरोप लगाने वाले सफाई कर्मियों ने उनके आवास के बाहर नारेबाजी भी की। घटनाक्रम के अनुसार शुक्रवार की सुबह करीब सात बजे सफाई कार्यों का निरीक्षण को पहुंचे उपसभापति योगेश शंखवार ने सफाई नायक दीपेश के हाथ से उपस्थिति रजिस्टर लेकर कई सफाई कर्मियों की उपस्थिति काट दी। जिससे सफाई कर्मी बिफर गए। वहीं सफाई नायक दीपेश का आरोप है कि उपसभापति उसे आयेदिन तरह-तरह से परेशान करते हैं। आरोप लगाया कि अवैध रूप से महीनेदारी देने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। वहीं पूरे मामले में जब उपसभापति से वार्ता करनी चाही तो उनका फोन बंद मिला।
जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचा। तो कुछ सफाई कर्मी उपसभापति पर बेवजह परेशान करने एवं महीने दारी देने की बात कह रहे थे। इस पूरे प्रकरण में हमने नगर आयुक्त को जानकारी दी है।
उदय प्रताप सिंह नामित पार्षद
--------
उपसभापति योगेश शंखवार मुझे कई दिनों से बेवजह परेशान कर रहे हैं। मुझ पर दबाव बनाने के साथ ही महिनादारी की मांग की जा रही है। नहीं देने पर उन्होंने शुक्रवार को मौके पर मौजूदगी के बाद भी उपस्थिति पंजिका पर आठ सफाई कर्मियों की अनुपस्थिति लगा दी। हमने इस प्रकरण में स्वच्छता विभाग व अन्य बडे़ अफसरों को शिकायत की है।
दीपेश कुमार सफाई नायक
नामित पार्षद ने मुझे सुबह इस प्रकरण की सूचना फोन पर दी। हमने जांच कमेटी गठित कर पूरे प्रकरण की रिपोर्ट मांगी है। हालांकि महिनादारी अथवा अन्य तरह से वसूली जैसी कोई शिकायत मुझे किसी ने दी है।
विजय कुमार नगर आयुक्त