कृषि बिल के विरोध में सपाइयों ने गोवर्धन विधानसभा क्षेत्र के गांव कोंथरा से पदयात्रा का शुभारंभ करते हुए सौंख बछगांव की ओर कूच किया तो पुलिस ने सपा जिलाध्यक्ष लोकमणि कांत सहित पार्टी कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। इस दौरान पुलिस और सपाइयों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। तल्ख तेवरों के बीच पुलिस सपाइयों को गोवर्धन खंड विकास कार्यालय लेकर आई और चौधरी चरण सिंह सभागार में नजरबन्द कर दिया।
विरोध प्रदर्शन में शामिल सपाइयों का नेतृत्व कर रहे समाजवादी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के सचिव प्रदीप चौधरी ने केंद्र व प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए किसानों की आवाज बुलंद की। पुलिस ने प्रदीप चौधरी को हिरासत में लेने का प्रयास किया। इस पर सपाइयों और पुलिस की बीच तीखी नोकझोंक हुई। पुलिस कर्मियों ने प्रदीप चौधरी सहित उनके समर्थक प्रदर्शनकारी सपाइयों को हिरासत में लेकर गोवर्धन खंड विकास कार्यालय के चौधरी चरण सिंह सभागार में लाकर नजरबन्द कर दिया।
लोकमणि कांत ने कहा भाजपा की सरकारें किसानों का उत्पीड़न कर रही हैं। किसान विरोधी बिल वापस व स्वामीनाथन रिपोर्ट लागू नहीं होगी तब तक समाजवादी पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता किसानों के हित में आंदोलन करता रहेगा। प्रदर्शन में जिला सचिव कृष्ण मुरारी, गौरव गोस्वामी, राघवेंद्र ठाकुर, तुलसीराम धनगर, रामबाबू पंडा, सचिन जाटव, साधना शर्मा, सीमा करण, रानी ठाकुर, दारा सिंह, बृजपाल यादव, पोप सिंह, मोहन सिंह, बच्चों सिंह, नरेंद्र सिंह, राजेश, जीतू, मोहन, खेलन, सागर आदि को हिरासत में लेकर नजरबन्द किया गया है।