समाजवादी पार्टी के महासचिव और सांसद रामगोपाल यादव ने उत्तर प्रदेश में बढ़ते अपराध को लेकर योगी सरकार पर निशाना साधा है। फिरोजाबाद में पार्टी कार्यालय पर रामगोपाल यादव ने कहा कि भाजपा के रामराज्य में यूपी में 10 गुना अपराध बढ़ गए हैं। भाजपा की सरकार दंगे कराकर बनी है।
सपा महासचिव और सांसद रामगोपाल यादव शनिवार को फिरोजाबाद में जिला कार्यालय पर पार्टी के सदस्यता अभियान की समीक्षा करने आए थे। इस दौरान प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि देश के हालात ख़राब हैं। एमपी में किसान मारे जा रहे हैं और प्रधानमंत्री विदेश में घूम रहे हैं।
यूपी को लेकर बोले कि भाजपा रामराज्य की बात करती है लेकिन यूपी में भाजपा के रामराज्य में 10 गुना अपराध बढ़ गए है। रामगोपाल यादव ने कहा कि यूपी में जो भाजपा की सरकार बनी है, वह दंगे करा कर बनी है।
प्रदेश हो या देश भाजपा की सरकार को काम से नहीं केवल जांच से मतलब है। यूपी में भी पांच साल तक सरकार सिर्फ जांच ही कराती रहेगी। विकास का कोई काम नहीं होगा।