कासगंज। शिक्षा विभाग के अधिकारियों के निरीक्षण में अनुपस्थित मिलने पर तीन शिक्षकों व तीन शिक्षामित्रों का वेतन व मानदेय रोका गया है। जबकि एक विद्यालय में मिड-डे मील में मेन्यू का ध्यान न रखने पर इंचार्ज प्रधानाध्यापक का वेतन रोक दिया। निरीक्षण में प्राथमिक विद्यालय मगथरा द्वितीय में इंचार्ज प्रधानाध्यापक प्रियंक सक्सेना, शिक्षक बच्चन सिंह, वीर प्रकाश के अनुपस्थित मिलने पर वेतन रोकने की कार्रवाई की गई। प्राथमिक विद्यालय हरचंदीपुर में शिक्षामित्र के अनुपस्थित मिलने पर मानदेय रोका गया।
जबकि विद्यालय में मेन्यू के अनुसार भोजन न बनाए जाने एवं अन्य अनियमितताएं मिलने पर स्पष्टीकरण मांगने के साथ ही वेतन रोकने की कार्रवाई की गई। प्राथमिक विद्यालय वकावली में शिक्षामित्र वीना शाक्य, वंदना कुमारी के अनुपस्थित मिलने पर मानदेय रोकने की कार्रवाई की गई। बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव यादव ने बताया कि शासन के निर्देश पर विद्यालयों के लगातार निरीक्षण कराए जा रहे हैं। निरीक्षण में शिक्षकों, शिक्षामित्रों के अनुपस्थित मिलने के मामले सामने आ रहे है। शिक्षक शिक्षामित्र समय से स्कूल पहुंचे। समय पर स्कूल न खुलने, बिना अवकाश स्वीकृत के अनुपस्थित मिलने या अन्य किसी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी।