सहकारी ग्राम विकास बैंक की चार शाखाओं के प्रतिनिधि निर्विरोध निर्वाचित हो गए। संबंधित निर्वाचन अधिकारियों ने नवनिर्वाचित शाखा प्रतिनिधियों को सोमवार को प्रमाणपत्र सौंप दिएञ प्रमाण पत्र मिलते ही शाखा प्रतिनिधियों के चेहरे खिल उठे और समर्थकों में खुशी छा गईं। समर्थकों ने फूलमालाएं पहनाकर नवनिर्वाचितों का स्वागत किया।
जिले में पांच सहकारी ग्राम विकास बैंक शाखाएं हैं। इनमें से चार शाखाओं पर एक-एक प्रत्याशी होने के कारण निर्विरोध निर्वाचन हो गया। कासगंज शाखा से महेंद्र सिंह बघेल, अमांपुर शाखा से शिवराज सिंह, गंजडुंडवारा शाखा से कुशल पाल सिंह उर्फ विकास, पटियाली शाखा से शीलेंद्र बहादुर सिंह निर्विरोध चुन लिया गया। सोमवार को खंड विकास अधिकारियों ने बतौर निर्वाचन अधिकारी उन्हें जीत का प्रमाण पत्र दे दिया।
कासगंज में प्रमाण पत्र सीडीओ तेज प्रताप मिश्र, जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन भूपेंद्र सिंह की मौजूदगी में दिया गया। प्रमाण पत्र मिलते ही नवनिर्वाचितों के चेहरे पर खुशी छा गईं। इस दौरान समर्थकों ने मिठाई बांटकर निर्वाचितों को फूलमालाएं पहनाईं। सभी निर्विरोधित निर्वाचित प्रतिनिधि भाजपा समर्थित हैं। उनके निर्वाचन पर भाजपाइयों ने हर्ष व्यक्त किया। हर्ष व्यक्त करने वालों में भाजपा जिलाध्यक्ष केपी सिंह सोलंकी, सदर विधायक देवेंद्र राजपूत, डॉ. बीडी राना, डॉ. मुकेश पाठक, नीरज शर्मा, केके सक्सेना, शरद गुप्ता, राजीव माहेश्वरी, सुरेश माहेश्वरी आदि प्रमुख रहे।
सोरों में आज होगा मतदान
सोरों में तीन प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। ऐसे में यहां मंगलवार को चुनाव होगा। सोरों में 7574 मतदाता हैं। सुबह 10 बजे से मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। शाम को मतदान पूरा होने के बाद परिणाम घोषित किया जाएगा। इसके बाद निर्वाचित प्रत्याशी को निर्वाचन अधिकारी प्रमाण पत्र देंगे।
सोरों शाखा के प्रतिनिधि के चुनाव के लिए मंगलवार को मतदान होगा। चार शाखाओं पर एक-एक प्रत्याशी होने के कारण निर्विरोध निर्वाचन हो गया। संबंधित निर्वाचन अधिकारियों ने निर्विरोध निर्वाचितों को प्रमाण पत्र दे दिए हैं। वेद प्रकाश, प्रबंधक जिला सहकारी ग्राम विकास बैंक।