पटियाली क्षेत्र में विश्व बैंक द्वारा कराया जा रहा सड़क चौड़ीकरण का काम
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। पटियाली से सोरों के बीच प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण पर विश्व बैंक ने निर्माण कार्य शुरू करा दिया है। पटियाली क्षेत्र से काम की शुरुआत की गई है। सड़क चौड़ी करने के लिए रोड रोलर दौड़ने लगे हैं और जेसीबी से काम को रफ्तार दी गई है। सड़क चौड़ीकरण का काम विश्व बैंक द्वारा कराया जा रहा है। पटियाली से सोरों तक काम पूरा किया जाना है। इसके लिए विश्व बैंक गढ़का, पटियाली और सोरों में अतिक्रमण हटवाए हैं। जबकि गंजडुंडवारा और पटियाली में अभी व्यापारी विरोध कर रहे हैं। 175 करोड़ रुपये की लागत से इस परियोजना को विश्व बैंक से मंजूरी मिली हुई है।
विश्व बैंक द्वारा चिह्नित किए गए भवनों को तोड़ने के लिए भवन स्वामियों को धनराशि भी दे दी गई है। भले ही आबादी क्षेत्र में अभी काम की शुरूआत नहीं की गई है, लेकिन बाहरी क्षेत्र में विश्व बैंक ने तेजी के साथ काम शुरू कर दिया है। विश्व बैंक ने बाहरी क्षेत्र में जल्द से जल्द काम पूरा करने का लक्ष्य तय किया है। विश्व बैंक के अधिकारियों ने किए जा रहे काम की समीक्षा भी की है। विश्व बैंक द्वारा काम शुरू किए जाने से आबादी क्षेत्र के लोगों की धड़कनें बढ़ गई हैं। गंजडुंडवारा और सहावर में तमाम भवन सड़क चौड़ीकरण के लिए चिह्नित किए गए हैं। यहां के वाशिंदों में खलबली मचने लगी है।