छोटी उम्र में अपनी प्रतिभा के बदौलत विश्व महिला क्रिकेट में भारत का डंका बजाने वाली आगरा की क्रिकेटर बेटी को क्रिकेट के भगवान का आशीर्वाद मिल गया है। बुधवार को मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने दीप्ति को लेकर ट्वीट किया। इसमें उन्होंने किक्रेट में अब तक उनकी सफलता को महान कदम बताया।
मास्टर ब्लास्टर सचिन ने ट्वीटर एकाउंट (@sachin_rt) पर दीप्ति शर्मा की तस्वीर वाला पोस्टर शेयर किया। साथ ही लिखा है कि दीप्ति शर्मा ने बहुत कम उम्र में क्रिकेट में बड़ा मुकाम हासिल किया है। यह उनकी बड़ी सफलता है। साथ ही दीप्ति को क्रिकेटर बनाने के लिए किए गए दीप्ति के भाई के प्रयासों को भी उन्होंने जिक्र किया।
किक्रेट के भगवान ने आगरा की इस किक्रेटर बेटी के बारे में लिखा है कि दीप्ति शर्मा के भाई के सपोर्ट से उन्हें लक्ष्य हासिल करने में मदद मिली। बता दें कि इंग्लैंड में चल रहे आईसीसी वीमेन वर्ल्डकप में दीप्ति शर्मा ने गेंद और बल्ले से अब तक शानदार प्रदर्शन किया है।
वनडे क्रिकेट में दीप्ति शर्मा और पूनम राउत के साथ मिलकर 325 रनों की ओपनिंग पार्टनरशिप की थी। गौरतलब है कि टीम इंडिया में खेल रहीं दीप्ति शर्मा आगरा की रहने वाली हैं। यहां उन्होंने अपने भाई के साथ एकलव्य स्टेडियम में ही क्रिकेट का प्रशिक्षण लिया है।
दीप्ति के भाई सुमित शर्मा का कहना है कि सचिन तेंदुलकर जैसे महान क्रिकेटर का ट्वीट उनके और उनकी बहन के लिए खास तोहफा है। मेरी बहन की मेहनत के कारण मेरा जिक्र क्रिकेट के भगवान ने किया यह बहुत खुशी की बात है।