रियो ओलंपिक के खेलगांव में क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर से मिलकर बाह का लांग जंपर अंकित शर्मा बेहद रोमांचित है। उसने अपने फेसबुक पेज पर सचिन संग तस्वीरों को शेयर करते हुए लिखा है कि उसके जीवन की पहली इच्छा पूरी हो गई। उसने क्रिकेट की पिच पर अंकित संग दौड़ने का सपना देखा था जो पूरा नहीं हुआ। हालांकि सचिन ने उसे रिओ ओलंपिक में जीत के लिए शुभकामनाएं दीं।
अंकित शर्मा ने अमर उजाला को बताया कि सचिन से मिलकर वह बेहद रोमांचित है। रिओ में 13 अगस्त को होने वाली लंबी कूद प्रतियोगिता में देश के लिए मेडल जीतने की उम्मीद जताते हुए कहा कि मेडल के लिए वह पूरा दम लगा देगा। अंकित का ट्रैक रिकार्ड भी उसकी उम्मीदों को पंख लगा रहा है। उसने कजाकिस्तान के अलमाटी शहर में एथलेटिक्स चैंपियनशिप में लंबी कूद में 8.19 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीता था। इतना ही नहीं अपने राष्ट्रीय रिकार्ड 8.04 मीटर को भी तोड़ दिया। यह रिकार्ड उसने इसी साल नेशनल गेम्स में बनाया था। अंकित ने रियो ओलंपिक के क्वालीफाइंग मार्क 8.15 मीटर को आसानी से पार कर लिया था। बता दें कि लंदन ओलंपिक में 8.16 मीटर की छलांग लगाने वाले इस खिलाड़ी को रजत मिल चुका है।