आरएसएस कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में मंगलवार रात को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक सवार हमलावरों ने आरएसएस कार्यकर्ता को उस वक्त गोली मारी, जब वो घर के बाहर टहल रहा था।
गोली लगने से घायल आरएसएस कार्यकर्ता लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। परिजन उपचार को जिला अस्पताल लाए। हालत गंभीर होने के कारण प्राइवेट अस्पताल ले गए जहां उसने दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सिटी सहित कई थानों का फोर्स पहुंच गया। भाजपा और हिन्दूवादी संगठनों के लोग भी जिला अस्पताल पहुंच गए हैं। वहीं आरएसएस कार्यकर्ता की हत्या के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया है।
संघ के महानगर पर्यावरण प्रमुख थे संदीप
थाना उत्तर के दयालनगर निवासी संदीप शर्मा (32) पुत्र स्वर्गीय हरिश्चंद्र शर्मा राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के महानगर पर्यावरण प्रमुख थे। मंगलवार की शाम घर से खाना खाने के बाद टहलने निकले थे।
पवन मेडिकल वाली गली में जैसे ही घर की ओर मुड़े तभी पीछे से सफेद कलर की अपाचे सवार बदमाशों ने संदीप पर फायरिंग की। गोली संदीप के पीठ में धंस गई। वो मौके पर गिर गए।
फायरिंग की आवाज सुनकर आस-पास के लोग दौड़े। फायरिंग करने वाले भाग चुके थे। घायल संदीप को उपचार को सरकारी ट्रामा सेंटर लाए। हालत गंभीर होने के कारण प्राइवेट यूनिटी अस्पताल ले गए। यहां उन्होंने दम तोड़ दिया।
मौके पर पहुंचे आला अफसर
घटनास्थल पर भाजपा विधायक, पुलिस व अन्य लोग
- फोटो : अमर उजाला
सूचना मिलते ही एसपी सिटी राजेश कुमार सिंह व सीओ सिटी डॉ.अरुण कुमार सिंह कई थानों का फोर्स ही मौके पर पहुंच गया। पुलिस हत्या क्यों कि इसका कारण ख्रोजने में जुट गई है।
भाजपा विधायक मनीष असीजा एवं आरएसएस के विभाग प्रचारक आर्येंद्र सहित काफी पदाधिकारी अस्पताल पहुंच गए। वहीं आरएसएस कार्यकर्ता की हत्या के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने जाम लगाने का प्रयास किया।