फिरोजाबाद का रहने वाला है गैंगस्टर
लाइनपार थाना क्षेत्र के गांव रुपसपुर निवासी विनय श्रोत्रिय लाइनपार थाने का हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस कस्टडी से फरार होने के बाद उसे आगरा और फिरोजाबाद तलाश रही है। गिरफ्तारी के लिए बुधवार रात फिरोजाबाद पुलिस ने विनय के संपर्क में रहने वाले अपराधियों के साथ उसके रिश्तेदारों पर भी शिकंजा कसा। हालांकि पुलिस को दूसरे दिन भी कोई ठोस सबूत हाथ नहीं लग सके। सूत्रों के अनुसार विनय के साथ ही जो अपराधी उत्तर थाना क्षेत्र के निवासी हैं। उनकी तलाश के लिए थाना उत्तर प्रभारी नरेंद्र कुमार शर्मा ने बुधवार रात दबिश दी थी।
घरों में ताला लगा होने के कारण पुलिस के हाथ खाली रहे। वहीं देर रात पुलिस ने एक युवक को पूछताछ के लिए भी उठाया था। उससे पुलिस को कोई ठोस जानकारी नहीं मिली थी। उधर विनय के रिश्तेदारों पर शिकंजा कसने के लिए आगरा पुलिस ने फिरोजाबाद पुलिस से उन अपराधियों के डोजियर मांगे हैं, जो विनय के संपर्क में रहते थे या फिर विनय के साथ अपराध करते हैं। इन अपराधियों के रिश्तेदारों पर भी पुलिस शिकंजा कसने के लिए कार्य योजना तैयार कर चुकी है।