बोदला-बिचपुरी रोड पर बिखरी पड़ी सिल्ट की धूल, स्रोत संवाद
- फोटो : samvad
आगरा। एमजी रोड-2 पर सीएम ग्रिड योजना के तहत चल रहे सड़क निर्माण कार्य के दौरान उड़ रही धूल की खबर अमर उजाला ने प्रकाशित की तो शुक्रवार को नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य औचक निरीक्षण के लिए पहुंच गए। मुख्य मार्ग पर पानी का छिड़काव होता हुआ मिला लेकिन साइड पटरी पर मिट्टी पाई गई। नगर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए ठेकेदार पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने अधिकारियों के साथ पंचकुइयां पर सीएम ग्रिड के तहत चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने धूल नियंत्रण के लिए नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराने को कहा ताकि क्षेत्रीय लोगों को परेशानी न हो। कहा कि प्रदूषण नियंत्रण के निर्धारित मानकों का पालन करना संबंधित ठेकेदार की जिम्मेदारी है।
इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। साइड पटरी को समतल कराने और धूल-मिट्टी का फैलाव रोकने को कहा। शिथिलता अथवा लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान चीफ इंजीनियर अरविंद श्रीवस्तव, अवर अभियंता मुकेश कुमार आदि मौजूद रहे।