आगरा में यमुना किनारा मार्ग पर 40 दिन लोगों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ेगा। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत पाइप लाइन बिछाने के कार्य के चलते रूट डायवर्ट किया गया है। यह व्यवस्था रविवार से शुरू होगी और 31 मार्च तक रहेगी। पहले से ही इस मार्ग पर जाम रहता है। इससे दिक्कत और बढ़ेगी।
एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि स्मार्ट सिटी लिमिटेड की ओर से 1200 एमएम डीआईए पानी की पाइप लाइन का कार्य जीवनी मंडी से यमुना किनारा होते हुए आंबेडकर पुल तक किया जाना प्रस्तावित है। यह कार्य 21 फरवरी से 31 मार्च तक होगा। इसको देखते हुए इस रास्ते पर ट्रैफिक बंद रहेगा। शनिवार से यातायात पूरी तरह से बंद कर दिया गया। रूट डायवर्जन लागू किया गया है। ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी भी लगाई गई हैं।