बिजली घर के दफ्तर में बिखरा पड़ा सामान
- फोटो : अमर उजाला
फिरोजाबाद में यूपीएसआईडीसी विद्युत उपकेंद्र पर एसएसओ और लाइनमैन के साथ बदमाशों ने मारपीट करने के साथ लूटपाट की। लुटेरे तीनों के मोबाइल, साइकिल, कार्यालय कक्ष में लगे दो कंप्यूटर और स्टोर से कुछ सामान ले गए। शोरगुल मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में थाना पुलिस को तहरीर दी।
हिमायूंपुर निवासी नागेंद्र सिंह (55) थाना रामगढ़ के यूपीएसआईडीसी बिजलीघर पर एसएसओ के पद पर तैनात हैं। उनका बेटा अजयविक्रम सिंह लाइनमैन, आसफाबाद निवासी जयवीर सिंह स्टाफ है। बुधवार देर रात करीब एक बजे बदमाश आए और बिजलीघर का दरवाजा खुलवाने को कहा। जब दरवाजा नहीं खोला तो उन्होंने लात मारकर दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए।
एसएसओ नागेंद्र सिंह ने बताया कि बदमाशों की संख्या आठ से दस थी। अंदर पांच बदमाश घुस आए थे। कुछ के हाथ में तमंचा थे तो कुछ सब्बल ले रखा था। आते ही उन्होंने पूछा कैश कहां रखा है। कैश नहीं ही मिलने पर उनको पीटा गया। बदमाशों ने तीनों के मोबाइल को अपने कब्जे में ले लिया।
अाधे घंटे तक लूटपाट
इसके बाद बगल के कक्ष का ताला तोड़कर उसमें लगे दो कंप्यूटरों को निकाल लिया व स्टोर का ताला तोड़कर सामान निकाला। कैश होने की शंका के कारण अलमारियों के ताला तोड़कर अभिलेखों को तहस नहस कर दिया।
करीब आधा घंटे तक बदमाशों ने बिजलीघर में तोड़फोड़ की। लूटपाट करने के बाद बदमाश मौके से चले गए। सुबह तोड़का फीडर के एसएसओ जयवीर सिंह जब पहुंचे तो घटनाक्रम की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। जानकारी होने के बाद एसडीओ अजय राना के साथ स्टाफ पहुंचा।
घायलों को थाना रामगढ़ ले जाने के साथ अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है। एसएसओ रामगढ़ भानुप्रताप सिंह ने कहा कि यूपीएसआईडीसी में कुछ लोग मोबाइल, साइकिल व सामान ले गए हैं। अभियोग दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
दहशत में आए कर्मचारी
कर्मचारी इतनी दहशत में थे कि बदमाशों के जाने के बाद भी बाहर नहीं निकले और न ही शोर मचाया। कर्मचारियों को डर था कि कहीं बदमाश आसपास ही न हों और फिर मारपीट न करें। डर के कारण तीनों कर्मचारी अंदर ही बैठे रहे। इनके मोबाइल फोन भी बदमाश ले गए थे इसलिए फोन भी नहीं कर सकते थे।
आसपास बस्ती नहीं है यूपीएसआईडीसी का सुनसान इलाका है। सुबह करीब पांच बजे तोड़का फीडर के एसएसओ जयवीर सिंह पहुंचे तब घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। कर्मचारियों ने बताया कि उप केंद्र के अंदर घुसे पांचों बदमाशों के चेहरे ढके हुए थे। इनमें से तीन हाफ पेंट पहने हुए थे।