आगरा। व्यापारी से लूट के आरोपी को पुलिस ने सोमवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पैर में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। मौके पर पहुंचे एसपी ग्रामीण ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पर करीब 17 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। एक साथी अंधेरे का फायदा उठा कर भाग गया।
एसपी ग्रामीण राहुल मिठास ने बताया कि कुछ दिन पहले कस्बे में मंडी के पास व्यापारी अनिल कुमार से बदमाशों ने 50 हजार रुपये लूट की थी। सोमवार रात को थाना प्रभारी धर्मेंद्र चौहान की टीम ने नगला ऊसर मोड़ के पास नहर पुल पर चेकिंग शुरू की। संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया तो वह भागने लगे। पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसका एक साथी भाग निकला। पूछताछ में लुटेरे ने अपना नाम आशू गिहार निवासी गिहार कालोनी कुरावली बताया। उस पर आगरा, फर्रुखाबाद सहित अन्य जिलों के थानों में करीब 17 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। भागे हुए साथी की भी पुलिस तलाश कर रही है, जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
दो बार पुलिस से हुई मुठभेड़
एसपी ग्रामीण ने बताया कि आशू गिहार एक शातिर अपराधी है। वर्ष 2014 में कुरावली पुलिस से और वर्ष 2023 में हरीपर्वत थाना पुलिस से भी मुठभेड़ हो चुकी है। उस पर जानलेवा हमला, लूट, चोरी आदि के मुकदमे दर्ज हैं। फतेहगढ़ और आगरा पुलिस उसके खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई भी कर चुकी है। उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद हुई हैं।