मैनपुरी के दन्नाहार थाना क्षेत्र में कार में बिठाकर एक युवक से नकदी लूट ली गई। घटना के बाद पीड़ित थाने पहुंचा और मामले की शिकायत की। हालांकि पुलिस इस मामले में किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने की बात से इनकार कर रही है।
दन्नाहार थाना क्षेत्र के गांव भटानी निवासी रत्नेश कुमार दिल्ली किसी काम से गया था। रविवार की रात वह कालिंद्री एक्सप्रेस से घर वापस लौट रहा था। सोमवार की सुबह मैनपुरी रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद उसने अपने एक रिश्तेदार को करहल चौराहा पर छोड़ा। इसके बाद वाहन का इंतजार करने लगा। पीड़ित ने बताया कि तभी एक कार पास आकर रुकी। चालक ने रत्नेश से पूछा कि वह कहां जाएगा। रत्नेश ने दन्नाहार जाने की बात बताई, तो चालक ने कहा कि वह उसे छोड़ देगा।
रत्नेश कार में बैठ गया। उसमें पहले से ही चार अन्य लोग बैठे हुए थे। कुछ दूर जाकर कार में बैठे लोगों से चालक ने अपने-अपने रुपये एक लिफाफा में रखने की बात कही। रत्नेश ने जब रुपये नहीं रखे तो कार में बैठे लोगों ने उसके गले में अंगौछा कस दिया और जेब में रखी 8 हजार 500 रुपये की नकदी और मोबाइल लूटने के बाद उसे खर्रा पुल के पास फेंक कर शहर की ओर भाग गए। किसी तरह से पीड़ित ने थाना पहुंच कर तहरीर दी। हालांकि थानाध्यक्ष विनोद कुमार की ओर से इस संबंध में कोई तहरीर न मिलने की बात कही गई है।