यह वक्त विश्व हिंदू परिषद के स्वर्ण जयंती वर्ष पर उत्सव मनाने का नहीं है। उत्सव तो अयोध्या में राम मंदिर बनने, कश्मीर से विस्थापित हिंदुओं को पुन: स्थापित करने और रावलपिंडी (पाकिस्तान) में तिरंगा फहराकर अखंड राष्ट्र का निर्माण करने के बाद ही मनाया जाएगा। यह कहना है विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष डा. प्रवीण तोगड़िया का।
रविवार को जीआईसी ग्राउंड पर आयोजित विशाल हिंदू सम्मेलन का शुभारंभ करने के बाद बतौर मुख्य अतिथि डा. प्रवीण भाई तोगड़िया ने कहा है कि हिंदू आज उपेक्षित है। देश में चार करोड़ हिंदू युवा बेरोजगार घूम रहे हैं, चार लाख किसान आत्महत्या कर चुके हैं लेकिन प्रदेश सरकारें मुस्लिम तुष्टिकरण में लगी हुई हैं। जयश्रीराम के जयकारों के बीच प्रवीन तोगड़िया ने कहा कि चौदह सौ साल पहले मुस्लिम और दो हजार साल पहले क्रिश्चियन नहीं थे। तब सिर्फ हिंदू ही थे। इस पर उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि हिंदुओं के धर्मांतरण के बाद ही इतनी संख्या में मुस्लिम और ईसाई बढ़े। धर्मांतरण का सबसे ज्यादा नुकसान हिंदुओं को हुआ है। कई देशों में सफाया तो कश्मीर से हिंदुओं को खदेड़ दिया गया। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि हिंदू जागरूक हों। हिंदुओं को बचाने के लिए उन्होंने उनकी सुरक्षा, समृद्धि और सम्मान का लोगों का संकल्प भी दिलाया। साथ ही विहिप के ‘सिक्स प्वाइंट एक्शन प्लान’ पर प्रकाश डाला। जिसमें सबसे पहले हिंदू घटेगा नहीं बल्कि बढ़ाने पर काम करना होगा, इसके बाद हिंदू राष्ट्र बनाने के लिए एकजुट होना होगा। साथ ही आचरण से हिंदू, जागरूक हिंदू, सक्रिय हिंदू और हम सब हिंदू हैं, का पालन करना होगा।
इससे पहले विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता देवेश ने कहा कि जब-जब हिंदू को कोई छेड़ेगा, हम उसको नहीं छोड़ेंगे। लव जेहाद जैसी घटनाओं का विहिप करारा जवाब देगी।
महंत सत्यनारायण दास ने कहा कि बहुत से लोग हिंदू धर्म को तोड़ने में लगे हैं। विदेशियों का ब्रेन वॉश करके हमारे धर्म के बारे में दुष्प्रचार किया जा रहा है। इससे निपटने के लिए हमें ई-लड़ाई (इंटरनेट) लड़नी पड़ेगी। इस दौरान स्वामी महेशानंद महाराज, देव ऋषि शास्त्री, बाबा वृंदावन दास, मंगल मुनि महाराज, सीताराम बाबा, प्रांत अध्यक्ष सुरेश सिंह आदि मंच पर मौजूद थे। सम्मेलन की अध्यक्षता महेश शर्मा एडवोकेट ने की। संचालन राकेश त्यागी ने किया। कार्यक्रम संयोजक रोहित दीक्षित, विहिप प्रांत सहमंत्री ललित गर्ग, प्रांत मीडिया प्रभारी प्रमेंद्र जैन, बजरंग दल के प्रांत सह संयोजक अज्जू चौहान, प्रांत गोरक्षा प्रमुख सुनील पाराशर, धमेंद्र आसौलिया, मुनिंद्र श्रोतिया, मदन वर्मा, मोहित कटारा, चंद्रपाल यादव आदि ने प्रवीन तोगड़िया का स्वागत किया। प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य सुभाष ढल ने सम्मेलन की सफलता पर बधाई दी।
इनसेट
हिंदुओं के लिए कोई योजना नहीं
प्रवीन तोगड़िया ने कहा कि इस्लामिक देश होने के कारण पाकिस्तान में वहां का कोई भी प्रधानमंत्री मुस्लिम विरोधी नितियों को लागू नहीं कर पाया। जबकि अपने देश में मंदिरों पर लाउडस्पीकर पर प्रतिबंध लगवा दिया जाता है। ध्वनि प्रदूषण का हवाला देकर दीपावली पर पटाखे न चलाने की नसीहत दी जाती है। उन्होंने कहा कि भारत को संविधान से हिंदू राष्ट्र बनाना होगा। हिंदुओं के साथ सुख दुख में खड़ा होना होगा। हिंदू न होंगे तो अखिलेश यादव, ममता बनर्जी, चंद्रबाबू नायडू जैसे सीएम योजनाएं बनाकर क्या करेंगे, जब इनसे हिंदुओं को कोई लाभ नहीं होगा।
इनसेअ
ये भी रहें मौजूद
सांसद चौधरी बाबूलाल, विधायक योगेंद्र उपाध्याय, पूर्व सांसद एसपी सिंह बघेल, चौधरी उदयभान सिंह, दीपक ढल, मंत्री प्रतिनिधि अनिल चौधरी, महानगर अध्यक्ष नागेंद्र प्रसाद दुबे गामा, सोनू चौधरी, मोहन सिंह चाहर, ललित चतुर्वेदी आदि मौजूद थे।