बेवर (मैनपुरी)। थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार को रोडवेज बस और कंटेनर में टक्कर के बाद दोनों के चालकों के बीच गाली गलौज और हाथापाई हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया। इससे गुस्साए रोडवेजकर्मियों ने मार्ग पर बस को खड़ा कर जाम लगा दिया। बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया। इस दौरान करीब आधा घंटा जाम लगा रहा। इससे यात्री और राहगीर परेशान रहे।
थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार की सुबह करीब 11 बजे रोडवेज बस छिबरामऊ की ओर से वर्कशॉप की ओर आ रही थी। इसी बीच पीछे से आ रहा कंटेनर बस से टकरा गया। इसको लेकर कंटेनर चालक अनिल निवासी मटैना थाना विशुनगढ़ जनपद कन्नौज व रोडवेज चालक दिनेश सिंह के बीच कहासुनी होने लगी।
कुछ ही देर में दोनों के बीच हाथापाई होने लगी। इस बीच वहां मौजूद कुछ लोगों ने भी कंटेनर चालक की पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस को देख रोडवेज का चालक वर्कशॉप में भाग गया। पुलिस ने चालक दिनेश, गुड्डू फौजी व चंदन को हिरासत में ले लिया और थाने ले गई।
इससे गुस्साए रोडवेजकर्मियों ने जीटी रोड पर स्थित वर्कशाप के सामने बस खड़ी करके जाम लगा दिया। जाम लगाए जाने की सूचना मिलने के बाद प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह सिरोही पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।
जाम खोले जाने को लेकर कर्मियों को समझाया गया। इसके बाद सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक अपराजित श्रीवास्तव से बातचीत हुई। करीब आधा घंटा बाद दोपह करीब साढ़े 12 बजे जाम खुल सका। उधर थाने में बस चालक व कंटेनर चालक के बीच थाने में समझौता के बाद मामला रफा-दफा हो गया।
प्रभारी निरीक्षक के अनुसार दोनों पक्षों ने आपस में समझौता कर दिया गया है। पुलिस को तहरीर नहीं दी गई। इस पर हिरासत में लिए गए लोगों को छोड़ दिया गया।