आगरा फोर्ट डिपो की बस संख्या यूपी 80 केटी 4580 को बेवर-फर्रुखाबाद मार्ग पर बिना परिचालक चलाने और यात्रियों से किराया लेकर बिना टिकट सफर कराने में परिवहन निगम ने सख्त कार्रवाई की है। जांच में चालक शिवकांत सिंह और आउटसोर्स परिचालक मोहित कुमार की संलिप्तता सामने आने पर चालक की संविदा समाप्त कर जमानत राशि जब्त कर ली गई, जबकि परिचालक को आउटसोर्स सेवा से कार्यमुक्त कर दिया।
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के फोर्ट डिपो की बस संख्या यूपी 80 केटी 4580 को 15 अप्रैल को बेबर-फर्रुखाबाद मार्ग पर संचालन के लिए भेजा गया था। 16 अप्रैल को इटावा क्षेत्र के मुख्यालय प्रवर्तन दल के सहायक निरीक्षक देवेंद्र सिंह यादव ने सहयोगी नेत्रपाल सिंह और पंकज सिंह के साथ धीरपुर चौराहा पर बस रुकवाकर जांच की। निरीक्षण में दो यात्री बेबर से फर्रुखाबाद तक बिना टिकट यात्रा करते मिले।
यात्रियों ने बताया कि चालक ने 80-80 रुपये किराया लिया, लेकिन टिकट नहीं दिया। निरीक्षण के समय परिचालक बस में मौजूद नहीं था। चालक ने बताया कि परिचालक फर्रुखाबाद बस स्टेशन पर मिलेगा। निरीक्षकों ने 1182 रुपये का जुर्माना लगा दिया । रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक बीपी अग्रवाल ने बताया कि रिपोर्ट, वीडियो क्लिप और लिखित बयान के आधार पर चालक शिवकांत सिंह और परिचालक मोहित कुमार की संविदा समाप्त कर दी गई।