घने कोहरे के चलते थाना सिरसागंज क्षेत्र में कठफोरी के समीप रोडवेज बस ने ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। इस हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं थाना नारखी क्षेत्र में कोहरे के कारण ट्रक डिवाइडर से टकराने से चालक की मौत हो गई जबकि परिचालक घायल हो गया। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस घायल को उपचार को जिला अस्पताल लाई है।
मैनपुरी थाना भोगांव के नगला मान सिंह निवासी कमलेश (38) पुत्र वीरेंद्र सिंह सिरसागंज मंडी में आलू उतारने के लिए गया था। आलू को मंडी में उतारने के बाद वापस लौट रहा था। बाबा की शाला के समीप स्थित नवदुर्गा होटल के पास घने कोहरे के कारण ट्रैक्टर की भिड़ंत परिवहन निगम की कानपुर से दिल्ली जा रही बस से हो गई। हादसे होते ही चीख-पुकार मच गई। यात्री बस से उतरकर नीचे भागने लगे। इस हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक कमलेश को उपचार के लिए सरकारी ट्रामा सेंटर लाए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कमलेश की मौत होने से परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम गृह में रखवा दिया है। ट्रैक्टर और रोडवेज बस को कब्जे मे ले लिया है। दूसरा हादसा थाना नारखी के सिक्सलेन बाईपास पर बेंदी की पुलिया के समीप हुआ। इलाहाबाद से दिल्ली की ओर जा रहा ट्रक घने कोहरा होने के कारण रविवार को सुबह आगे जा रहे डंफर से टकरा गया। ट्रक के डंपर से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया। चालक ने निकलने का प्रयास किया तो उसके ऊपर लोहे का गार्डर गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि परिचालक मामूली रूप से घायल हुआ है।
हादसे की जानकारी होते ही थाना प्रभारी निरीक्षक नारखी केके तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा है। डाक्टर ने चालक को मृत घोषित कर दिया। परिचालक जिला आंबेडकरनगर अकबरपुर के रामपुर पनैती निवासी मोनू पांडेय (18) पुत्र दयाराम पांडेय मामूली रूप से घायल हो गया। मृतक चालक का नाम पप्पू पांडेय (30) पुत्र कपूरमल पांडेय निवासी आंबेडकर नगर अकबरपुर बताया है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है।