दिवाली से पहले शहर का अंधेरा दूर करने की तैयारी कर ली गई है। नगर निगम की टीम ने अभियान शुरू कर दिया है। विभिन्न वार्डों में लाइटें और नए पोल लगाए जा रहे हैं।
आगरा में दिवाली से पहले नगर निगम ने शहर को रोशनी से नहलाने की तैयारी की है। निगम की 25 टीमों ने अभियान शुरू किया है। इसमें 2000 नई लाइटें और 1000 नए पोल लगाए जा रहे हैं। वहीं मुख्य चौराहों पर स्ट्रिप लाइट और तिरंगा लाइट लगाई जा रही हैं।
विज्ञापन
मुख्य अभियंता (विद्युत एवं यांत्रिक) अजय कुमार राम ने बताया कि आधे से अधिक वार्डों में कार्य पूरा हो चुका है। टीमें निर्धारित लक्ष्य के अनुसार कार्य कर रही हैं। प्रमुख तिराहे, चौराहे और वीआईपी रोड को आकर्षक रूप से सजाया जा रहा है। फतेहाबाद रोड पर बोलॉर्ड, विक्टोरिया और तिरंगा लाइटें लग रही हैं।
उन्होंने बताया कि सदन की पिछली बैठक में ही सभी वार्डों में विद्युत व्यवस्था सुधारने का निर्णय लिया गया था। प्रत्येक वार्ड में 20 नई लाइटें और 10 पोल मय लाइट के लगाने का कार्य शुरू किया है। सभी वार्डों में टीमों को मॉनिटरिंग के साथ कार्य सौंपा गया है, जिससे कहीं भी अंधेरा न रहे और नागरिकों को त्योहार पर सुचारु विद्युत व्यवस्था मिल सके। नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल का कहना है कि जहां भी लाइट या पोल की आवश्यकता है, वहां जल्दी कार्य कराया जा रहा है।