आगरा। महज छह माह पहले ही अशोक नगर, राजामंडी और गोकुलपुरा क्षेत्र में सड़कों और इंटरलॉकिंग टाइल्स से फुटपाथ का निर्माण कराया गया। उन्हें टेलीकॉम कंपनी एयरटेल ने ऑप्टिकल फाइबर केबल बिछाने के लिए जगह-जगह से खोदकर छोड़ दिया गया है। क्षेत्रीय पार्षदों ने नगर आयुक्त से नई बनी सड़कों और साइड पटरियों की खुदाई रुकवाने की मांग की है।
अशोक नगर, राजामंडी, गोकुलपुरा, पंचकुइयां रोड पर फाइबर केबल के लिए चार दिनों से गड्ढे किए जा रहे हैं। क्षेत्रीय पार्षद मंजू प्रजापति ने नगर आयुक्त से की गई शिकायत में कहा है कि अवकाश के दिनों में फाइबर केबल बिछाने का काम तेजी से किया जा रहा है। कंपनी को निगम के इंजीनियरों ने मनमानी करने की शह दे रखी है। वह चार दिनों से शिकायतें कर रही हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने बड़े प्रयासों से सड़कें और फुटपाथ बनवाए, लेकिन सब खोदकर छोड़ दिए गए।
भाजपा केशव मंडल अध्यक्ष राजेश प्रजापति ने बताया कि खुदाई के साथ कंपनी ने गहरे चेंबर बनाए हैं। नगर निगम के मुख्य अभियंता को फोन पर शिकायत करने के साथ गड्ढों के वीडियो और फोटो भेजे थे, लेकिन सोमवार रात तक काम नहीं रोका गया। निगम के चीफ इंजीनियर अरविंद श्रीवास्तव ने बताया कि अभियंता से रिपोर्ट मांगी गई है। नियमों का उल्लंघन पाया गया तो जुर्माना लगाया जाएगा।