बृजमोहन बंसल स्मृति आगरा इंटर सोसाइटी लीग
आगरा। बृजमोहन बंसल स्मृति आगरा इंटर सोसाइटी लीग के रोमांचक प्लेऑफ मुकाबलों में खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। चाहर क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए क्वालिफायर-1 में आईएमएचएच अनप्रिडिक्टेबल्स ने एंथम वॉरियर्स को 41 रन से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं, एलिमिनेटर मुकाबले में अपर्णा प्रेम फाइटर्स ने एंथेला अवतार्स को 87 रन से करारी शिकस्त दी।
शुभारंभ केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए आईएमएचएच अनप्रिडिक्टेबल्स ने 8 विकेट पर 159 रन बनाए। अभिषेक ने 42, दिनेश ने 29 और डॉ. संजय राणा ने 24 रनों का योगदान दिया। जवाब में एंथम वॉरियर्स की पूरी टीम 19 ओवर में 118 रन पर सिमट गई। कृष जैन ने नाबाद 43 रन बनाए। गेंदबाजी में आईएमएचएच के जुगनू ने 3, अमन और डॉ. पार्थ बघेल ने 2-2 विकेट झटके।
वहीं एलिमिनेटर मुकाबले में अपर्णा प्रेम फाइटर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 272 रन बनाए। कपिल सोलंकी ने महज 44 गेंदों में 13 छक्कों और 5 चौकों की मदद से 117 रन की शतकीय पारी खेली। अरुण विक ने 75 और कुलदीप ने नाबाद 35 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एंथेला अवतार्स की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 185 रन ही बना सकी। शुभम चौहान ने 33 और दीपक ने नाबाद 32 रन बनाए। अपर्णा प्रेम के लिए सतीश ने 3, आशीष व केके ने 2-2 विकेट लिए।
क्वालिफायर-2 में अब अपर्णा प्रेम फाइटर्स और एंथम वॉरियर्स के बीच मुकाबला होगा। इस मैच की विजेता टीम 1 नवंबर 2026 को चाहर क्रिकेट ग्राउंड पर होने वाले फाइनल में आईएमएचएच अनप्रिडिक्टेबल्स से खिताबी भिड़ंत करेगी।