बटेश्वर के स्याइच गांव में जेसीबी से मार्ग बदलने की जानकारी पर मिट्टी के तेल के डिब्बे लेकर पहुंची महिलाओं ने आत्मदाह की धमकी दे डाली। उनका रुख देख पीडब्लूडी के अधिकारी जेसीबी को लौटा ले गए।
बता दें कि बाह के स्याइच गांव में महिला शांति देवी ने अपने खेत में से होकर पीडब्लूडी कर्मचारिओं के सड़क बनाये जाने की शिकायत डीएम से की थी। डीएम ने तीन सदस्यीय टीम से जांच करायी थी। जांच में महिला के खेत में सड़क होने की पुष्टि होने पर उन्होंने पीडब्लूडी, राजस्व और पुलिस विभाग की टीम गठित की थी। टीम शनिवार को मार्ग बदलने के लिए मौके पर पहुंची। इसकी जानकारी होने पर गांव की महिलाएं मिट्टी के तेल के डिब्बे लेकर पहुंच गयी। उन्होंने धमकी दी कि यदि मार्ग बदला गया तो वे मिट्टी का तेल उडे़ल कर आत्मदाह कर लेंगी। महिला पार्वती, राजावेटी, प्रेमलता, सुनीता, सीमा, गुड्डी, भूरी देवी, मीरा देवी, ललितेश, राजेन्द्री, उर्मिला आदि ने कहा कि किसी भी सूरत में मार्ग नहीं बदलने देंगे। इस पर पीडब्लूडी की टीम जेसीबी के साथ लौट गई।