अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में भाई-बहन समेत तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि 14 लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
बाह के फरैरी निवासी अजय की बुधवार को बारात जाने से पहले उसके भाई सुखवीर (22), सुभाष (26), अंकित (18) और बहन लक्ष्मी (8) सभी एक ही बाइक पर सवार होकर बाजार से कपडे़ लेने गए थे। वहां से लौटते समय आगरा-बाह हाईवे पर फरैरा गांव के पास सड़क पर बाइक फिसल गई। तभी पीछे से आ रहा ट्रक उनके ऊपर चढ़ गया। इससे लक्ष्मी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सुभाष, अंकित, सुखवीर घायल हो गए। उन्हें सीएचसी बाह में भर्ती कराया गया। वहां से आगरा ले जाते समय रास्ते में सुभाष की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। हादसे के बाद शादी वाले घर में मातम छा गया। वहीं, बासौनी के कनारी गांव के लालजीत, लोकेंद्र, रामौतार की बोलेरो और बटेश्वर के प्रदीप और नेपाली की बाइक बाह तहसील के सामने टकरा गई। इसके बाद उनके बीच जमकर मारपीट हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पांचों को हिरासत में ले लिया।
फतेहाबाद के डौकी थाना क्षेत्र में धमौटा मंदिर के पास बुधवार दोपहर ट्रैक्टर और टेंपो की टक्कर से टेंपो में सवार करुआ उर्फ सतेंद्र निवासी नगला बेहड़ डौकी की मौत हो गई। जबकि मनोज, मायाराम निवासी नगला बेहड और शिवकुमार निवासी कौलारा कलां घायल हो गए। एसओ डौकी ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
फतेहपुर सीकरी में आगरा-जयपुर हाईवे पर कौरई के समीप कार की चपेट में आकर बाइक सवार खेमचंद और केदार सिंह निवासी ग्राम गुढ़हा घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार को कब्जे में लिया है। एत्मादपुर में हाईवे पर त्रिमूर्ति बुद्ध विहार के सामने टूंडला की तरफ से आ रही रोडवेज बस में पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे बस डिवाइडर पर चढ़ कर रेलिंग तोड़ते हुए दूसरी तरफ पहुंच गई। दुर्घटना के बाद हाईवे जाम लग गया। इस दौरान सात सवारियां घायल हो गईं।