लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार तड़के तकरीबन चार बजे वॉल्बो बस अनियंत्रित होकर पोल से टकरा गई। हादसे में चालक की मौत हो गई, जबकि लगभग 15 यात्री घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला संयुक्त चिकित्सालय और सैफई अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर तैनात कर्मचारियों द्वारा क्रेन की मदद से बस को हटाया।
हादसा फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद क्षेत्र में हुआ। डबल डेकर वॉल्वो बस दिल्ली के लिए जा रही थी। बस में लगभग 50 यात्री सवार थे। चालक बस को तेज रफ्तार से दिल्ली के लिए आ रहा था। जब बस नगला खंगर थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के 68 किलो मीटर के समीप पहुंची, तभी चालक को झपकी आ गई। इससे बस एक्सप्रेसवे की साइड में लगे पोल से तेज आवाज के साथ टकरा गई।
टक्कर होते ही बस में चीख-पुकार मच गई। हादसे की जानकारी होते ही खंगर प्रभारी मुकेश कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और घायलों को बस से निकाल कर जिला संयुक्त चिकित्सालय, सैफई पीजीआई और फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज के लिए यूपीडा एंबुलेंस से भेज दिया। हादसे में बस चालक मुख्त्यार पुत्र मोहम्मद सलीम की मौत हो गई।
ये लोग हुए घायल
घायलों में एसके सिंह (38) पुत्र महेंद्र सिंह, उसकी पत्नी रेनू (35) निवासी कल्यानपुरी दिल्ली, शिवांश (9) पुत्र एसके सिंह, प्रमोद पुत्र देवीप्रसाद निवासी वरनीह दीवान खंडवा सोना (प्रतापगढ़), संतोष पुत्र हरिश्चंद्र निवासी संडोसोम लालगंज, मुन्ना अली पुत्र मोहम्मद शारिक प्रतापगढ़, शबनम व सजमा पुत्री कमाल खांन, बरियापुर अमेठी, राजन मिश्रा पुत्र अशोक मिश्रा, अमेठी, दयाशंकर पुत्र राजकरन यादव निवासी अठपुर सोन प्रतापगढ़, राजकुमार गिरी पुत्र केदारनाथ निवासी अंबिका बिहार कालोनी कावल नगर दिल्ली शामिल हैं।
थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार ने बताया कि हादसे में बस चालक की मौत हो गई है, जबकि पांच यात्री गंभीर रूप से घायल हैं। बाकी यात्रियों को हल्की चोटें आई थीं, इनको प्राथमिक उपचार के बाद गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।