कासगंज गंजडुंडवारा में सड़क हादसे में मृतक सोनू का फाइल फोटो
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। गंजडुंडवारा पटियाली मार्ग पर इको की चपेट में आने से एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक की मौत परिवार के लोग चीत्कार उठे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे में कार चालक भी घायल हो गया।
सहावर के ग्राम फरोली निवासी सोनू (21) पुत्र सुरेश भैया दूज पर्व पर पत्नी आरती को मायके उसेत बदायूं छोड़कर लौट रहा था। जब वह गंजडुंडवारा पटियाली मार्ग पर पहुंचा तभी उसकी बाइक में कार ने टक्कर मार दी। हादसे में सोनू की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कार चालक घायल हो गया। हादसे के बाद काफी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए।
ग्रामीणों ने हादसे की सूचना पुलिस को दे दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। उसकी शिनाख्त हो जाने के बाद पुलिस ने परिजनों को हादसे की जानकारी दी। सूचना पर पहुंचे परिजन उसके शव को देखकर चीत्कार उठे। पुलिस ने घायल चालक को अस्पताल पहुंचाया।
साढ़े चार माह पहले ही हुई थी शादी
कासगंज। सोनू की शादी 29 जून को हुई थी। पत्नी सदमे में है उसका रो-रोकर बुरा हाल है। बता दें कि सोनू अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था। परिवार में होने वाली खेती में वह अपने भाइयों का हाथ बंटाता था।
निजी एंबुलेंस चालक 108 सेवा से उतार ले गया मरीज
कासगंज। सड़क हादसे में घायल हुए कार चालक को पुलिस ने जिला अस्पताल पर इलाज के लिए भेजा था। जहां से उसे उच्च चिकित्सा के लिए रेफर किया गया। उसे 108 सेवा में जब ले जाया जा रहा था तभी एक निजी एंबुलेंस चालक उसे उतार कर अपनी एंबुलेंस मेेें बैठाकर ले गया। जब इसकी शिकायत 108 सेवा के चालक ने स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक से की तो अधीक्षक आकाश ने अज्ञात एंबुलेंस चालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दे दी।