कासगंज में एक बैंक में लगी भीड़
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। दीपोत्सव पर्व के संपन्न हो जाने के बाद मंगलवार को जिले के सभी बैंक खुल गए। बैंक खुलते ही लेन देन के लिए लोगों के पहुंचने से लंबी कतारें लग गई। लोगों ने बैंकों में पहुंचकर अपने बैंक संबंधी कार्य निपटाए। बैंक शाखाओं में लंबी कतारें लग जाने से लोगों को काफी दिक्कतें हुई।
दीपोत्सव पर्व की वजह से बैंकों में 14 नवंबर से अवकाश घोषित कर दिए गए। जिससे लोग बैंकों से अपने लेन देन संबंधी कार्य नहीं कर सके। व्यापारियों को भी अपने चेक लगाने, आरटीजीएस आदि करने की समस्या हो गई। एटीएम के भी जवाब दे जाने से लोगों को धन निकासी की समस्या हो गई।
तीन दिन के बाद मंगलवार को अवकाश खत्म होते ही सभी बैंकें निर्धारित समय पर खुल गई। जिन लोगों को बैंकों में अपने धन जमा करने या निकासी करनी थी वे बैंक पहुंचना शुरू हो गए। देखते ही देखते बैंकों में लंबी कतारें लगना शुरू हो गई। यह हाल किसी एक बैंक का नहीं रहा, जिले की सभी बैंकों में अच्छी खासी भीड़ रही। इसके साथ ही नेफ्ट बैंकिंग, आरटीजीएस आदि के माध्यम से लेने देन किया। भीड़ के चलते लोगों को अपने काम काज निपटाने में काफी समय लग गया।
एटीएम पर भी नजर आई लाइनें
कासगंज। बैंक खुलने के साथ ही एटीएम में भी धन की व्यवस्था हो गई। जिससे जिन लोगों के पास एटीएम कार्ड थे वे धन की निकासी के लिए एटीएम पर पहुंच गए। एटीएम कार्ड धारकों ने मशीनों के माध्यम से धन जमा करने व निकासी करने का कार्य किया।