तीर्थनगरी में रविवार सुबह घने कोहरे में सड़क हादसा हुआ। कासगंज की ओर से तेज गति से आ रहा टेंकर सड़क किनारे खड़ी तीन गाड़ियों को रौंदता हुआ हनुमान मंदिर से टकराकर पलट गया।
जिससे एक कार में सवार अस्थि विसर्जन को आए तीन श्रद्धालु दबकर घायल हो गए। घायलों को स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल रेफर किया गया। सोरों पुलिस ने केंटर चालक, परिचालक को हिरासत में ले लिया है।
राजस्थान के भरतपुर निवासी विनीत जैन पुत्र किशनचंद्र अपने दिवंगत मां मधू जैन की अस्थि विसर्जन के लिए तीर्थनगरी सोरों आए थे। उनके साथ उनके अन्य रिश्तेदार भी थे। कार चालक ने वराह स्मारक के समीप कार खड़ी की।
कुछ लोग चाय पीने के लिए उतर गए जबकि विनीत जैन उनके रिश्तेदार लवलीश जैन पुत्र महेश चंद्र जैन और अजमेर निवासी दिनेश जैन पुत्र पवन जैन कार में ही बैठे रहे। समीप में ही दो अन्य कारें भी खड़ी थीं। घना कोहरा था।
इसी बीच कासगंज की ओर से तेज गति से आ रहा केंटर तीनों कारों को रौंदता हुआ हनुमान मंदिर से टकराकर पलट गया। कार में बैठे तीनों श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भर्ती कराया गया।
यहां चिकित्सक आकाश ने तीनों का प्राथमिक उपचार कर गहन चिकित्सा के लिए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी रिपुदमन सिंह ने केंटर चालक और परिचालक को हिरासत में ले लिया है।
रिश्तेदारों ने किया अस्थि विसर्जन
दिवंगत मां मधू जैन की अस्थियां विसर्जन से पहले ही बेटा विनीत जैन हादसे में घायल हो गया। घायलों का उपचार चल रहा था। इधर अस्थि विसर्जन संस्कार भी जरूरी था। ऐसे में रिश्तेदारों ने अस्थि हरिपदी के कुंड में विसर्जित कीं। पुरोहित अभिषेक मोहल्लेदार ने अस्थिविसर्जन संस्कार पूरा कराया।
घटना के बाद चालक परिचालक को हिरासत में ले लिया है। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा- रिपदुमन सिंह, कोहवाली प्रभारी।