कोहरे के कारण लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर माइल स्टोन 56 के पास तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो में टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो चालक समेत पांच युवक घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सक ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं हाईवे पर नई बस्ती बोझिया के पास अज्ञात वाहन ने लोडर वाहन में टक्कर मार दी। हादसे में वाहन सवार सात मजदूर घायल हो गए।
आगरा के मलपुरा थाना क्षेत्र के नगला निवासी राहुल पुत्र गुरुदयाल गांव के ही मिस्त्री अनवर, किशोरी, पिंटू और प्रदीप के साथ देर रात एक ट्रक को ठीक करने ऑटो से एक्सप्रेसवे स्थित माइल स्टोन 132 पर गया था। ट्रक सही कर सभी शुक्रवार तड़के वापस आ रहे थे। नसीरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत माइल स्टोन 56 के समीप करीब पांच बजे पीछे से तेज गति से आए ट्रक ने कोहरे के चलते ऑटो में टक्कर मार दी। इससे ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में प्रदीप, राहुल, अनवर, किशोरी और पिंटू घायल हो गए। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा। यहां डॉक्टर ने प्रदीप को मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे का पता चलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। प्रदीप के परिजनों का रो रोकर बुराहाल था।
वाहन का नहीं चला पता
शिकोहाबाद। हाईवे पर नई बस्ती बोझिया के पास हुए हादसे में 7 मजदूर घायल हो गए। वाहन में कुल 17 मजदूर सवार थे। सभी हरियाणा सिरसा मंडी से मजदूरी कर घर बिहार जा रहे थे। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से गंभीर रूप से घायल चार मजदूरों को फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज भेज दिया, जबकि बाकी को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया। हादसे में लोडर वाहन चालक किताबुद्दीन निवासी बिहार, पंकज, प्रकाश, छोटू कुमार, वकील यादव, महेंद्र सिंह व पंकज निवासी झारखंड घायल हो गए।