आगरा में हादसा: इसी कार में सवार थे लोग
- फोटो : अमर उजाला
आगरा में शनिवार सुबह दर्दनाक हादसा घटित हो गया। टूंडला में बेटी की शादी कर आगरा लौट रहे परिवार की कार इनर रिंग रोड पर टोल प्लाजा के पास डिवाइडर से टकरा गई। शनिवार सुबह हुए हादसे में दुल्हन की मां, भाई और भाभी की मौत हो गई। तीन बच्चों सहित छह लोग घायल हैं। पुलिस को आशंका है कि कार चालक को झपकी आने से हादसा हुआ।
सोनिया पैलेस, उखर्रा रोड, बुंदू कटरा निवासी राजकुमार पाराशर एक डेयरी से सेवानिवृत्त हैं। परिजनों ने बताया कि राजकुमार की इकलौती बेटी गुंजन की शुक्रवार को शादी थी। शादी समारोह थाना टूंडला के पास स्थित गांव चुराहवली में रखा गया था। रात में कार्यक्रम होने के बाद शनिवार सुबह आठ बजे पूरा परिवार अलग-अलग वाहनों से वापस घर आ रहा था।
आई-10 कार में राजकुमार के बेटे सौरभ, मोहित, पत्नी सुमन, बहुएं गुंजन (मोहित की पत्नी), अंजलि ( सौरभ की पत्नी) और शालू पत्नी विष्णु के अलावा तीन बच्चे थे। बच्चों की उम्र तकरीबन ढाई से तीन साल है। सौरभ गाड़ी चला रहा था। कुबेरपुर पर आने के बाद इनर रिंग रोड पर टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार कार डिवाइडर की दीवार से टकरा गई। हादसा इतना जबर्दस्त था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कार सवार सुमन (55), सौरभ (30) और गुंजन (28) की मौत हो गई, जबकि अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
मातम में बदलीं परिवार की खुशियां
घटना से परिवार में कोहराम मच गया। राजकुमार के तीन बेटे और एक बेटी थी। मोहित बड़ा, सौरभ मंझला और विष्णु सबसे छोटा। राजकुमार और विष्णु दूसरी गाड़ी से आ रहे थे। घटना की जानकारी पर राजकुमार और विष्णु पहुंच गए। शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
चालक को झपकी आने से हादसा
थाना एत्मादपुर के प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार सैनी का कहना है कि परिवार रात में शादी करके आया था। सौरभ गाड़ी चला रहा था। आशंका है कि झपकी आने से कार अनियंत्रित हो गई। वो डिवाइडर में जा घुसी।
सांसों को मिलेगी संजीवनी: नया ऑक्सीजन प्लांट शुरू, खाली सिलिंडर लाएं, पांच मिनट में भरवाकर ले जाएं