फिरोजाबाद के थाना रामगढ़ के जाटवपुरी चौराहे से नगला बरी की ओर गलत साइड पर आ रहा श्रमिकों से भरा ट्रैक्टर ट्रॉली सहित सोमवार को सुबह डीसीएम से टकरा गया। हादसे में डीसीएम के परिचालक सहित दस लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सरकारी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं डीसीएम को कब्जे में ले लिया है।
थाना रामगढ़ के छपरिया, चिश्तीनगर सहित आस-पास क्षेत्र के श्रमिकों को ट्रैक्टर ट्रॉली में बैठाने के बाद जाटवपुरी चौराहे से ट्रैक्टर चालक गलत साइड से नगला बरी चौराहे की ओर आ रहा था। कोहिनूर रोड से थोड़ा आगे ट्रैक्टर बढ़ा था कि इसी दौरान आगरा की ओर से आ रही डीसीएम ट्रैक्टर से टकरा गई। हादसा होते ही ट्रॉली में बैठे श्रमिक ट्रॉली से कूदने लगे।
इस दौरान करीब दस श्रमिक घायल हो गए। हादसे की जानकारी होते ही थाना प्रभारी निरीक्षक रामगढ़ अनूप कुमार तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। घायल श्रमिकों को उपचार के लिए निजी ट्रॉमा सेंटर में ले गए। डीसीएम के परिचलक मैनपुरी के करहल निवासी फरीद (29) पुत्र रशीद तथा थाना रामगढ़ के उर्दूनगर निवासी इरफान (18) पुत्र सुलेमान को उपचार के लिए सरकारी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है।