फतेहपुर सीकरी। मिशन शक्ति अभियान के तहत रासा इंटरनेशनल स्कूल की दो छात्राओं ने एक दिन के लिए पुलिस अधिकारी की भूमिका निभाकर पुलिस की कार्यप्रणाली को समझा। कक्षा 12वीं की छात्रा रिंशी गोयल ने एक दिन के लिए क्षेत्राधिकारी अछनेरा का कार्यभार संभाला, जबकि दिव्यांशी गोयल को एक दिन के लिए थाना फतेहपुर सीकरी का कोतवाल बनाया गया। दोनों छात्राओं ने अधिकारियों से कार्यप्रणाली की जानकारी ली और लोगों की समस्याएं सुनकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने पुलिस अधिकारियों के दैनिक कार्यों, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जनसमस्याओं के समाधान की प्रक्रिया को करीब से देखा। इस पहल का उद्देश्य छात्राओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने और उन्हें प्रशासनिक व्यवस्था से परिचित कराना रहा। एसीपी शैलेंद्र सिंह ने मिशन शक्ति के तहत कार्यशाला में छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, जागरूकता और आत्मरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। साथ ही आपातकालीन जरूरी मोबाइल हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। रिशु अग्रवाल, डॉ. नरेश शर्मा एवं नवीन वर्मा ने छात्राओं को यह अवसर प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया।