बुलट की धक-धक और हाड़ कंपाती ठंड में बाइकर्स का जोश युवाओं को रोड सेफ्टी का संदेश देने के लिए काफी था। हेलमेट लगाकर यूनिफार्म में कतारबद्ध तरीके से राइडर्स बढ़ चले जा रहे थे। उन्हें देखकर जो जहां था बस वहीं ठहर गया। सभी की पीठ पर सड़क सुरक्षा से संबधित स्लोगन के स्टीकर लगे थे। यही संदेश देने के लिए चंडीगढ़ में 1000 राइडर्स जुडे़ंगे। 24 से 26 जनवरी तक होने वाली ए पैन इंडिया बॉबएमसी राइड से जुड़ने के लिए भी बाइकर्स ने युवाओं में जोश भरा।
रोड सेफ्टी और चंडीगढ़ में होने वाले इवेंट को प्रमोट करने के लिए ताज रॉयल क्लब के बाइकर्स ने रविवार को बाइक रैली निकाली। शुभारंभ शनिवार को ही भारत की सबसे लंबी राइड का रिकॉर्ड अपने नाम करने वाले सॉफ्टवेयर इंजीनियर मनिगंडन मंजूनाथन ने शास्त्रीपुरम स्थित कार्यालय से झंडी दिखाकर किया। रैली सिकंदरा, गुरु का ताल, आवास विकास कालोनी, करगिल पेट्रोल पंप, कोठी मीना बाजार, एमजी रोड, सिविल लाइन, खंदारी, दयालबाग, न्यू आगरा, भगवान टॉकीज, कमला नगर, बल्केश्वर, वाटर वर्क्स, लाल किला, पुरानी मंडी, सदर होते हुई टीडीआई मॉल के सामने समाप्त हुई। संयोजक धीरज सोलंकी, सौरभ जैन ने बताया कि पैन इंडिया राइड को प्रमोट करने के लिए रविवार को देश के अधिकतर शहरों में ये राइड निकाली गई। बिलाल अहमद, अर्जुन, अंकुर, सुशांत, कपिल, डा. सुदीप, मुकेश, हिमांशु अग्रवाल, हिमांशु भारद्वाज, चांद, सौरव समेत कई बाइकर्स मौजूद रहे।
चंडीगढ़ में 24 को जुटेंगे बाइकर्स
आगरा। रोड सर्वाइवर चंडीगढ़ की ओर से 24 से 26 जनवरी तक ए पैन इंडिया बोमएमसी राइड का आयोजन किया जाएगा। ताज रॉयल क्लब के धीरज सोलंकी ने बताया कि इसका उद्देश्य रोड सेफ्टी के नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करना होगा। राइड में देश के तकरीबन एक हजार बाइकर्स शामिल होंगे। बॉबएमसी (ब्रदरहुड आफ बुलटीर्स मोटर साइकिल कन्सॉटिम) राइड हर साल देश के किसी न किसी शहर में की जाती है। इस राइडर मैनिया से जुड़े क्लब इसके लिए बाकायदा बोली लगाते हैं।
22 को रवाना होंगे आगरा के बाइकर्स
आगरा। इस राइड में शिरकत करने के लिए ताज रॉयल क्लब के तकरीबन 20 सदस्य 22 जनवरी को चंडीगढ़ के लिए रवाना होेंगे। इसके लिए बाइकर्स ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
तीन दिनों में ये होंगे आयोजन
डर्ट रेस, स्लो रेस, बनाना रेस, फिगर ऑफ एट, एसेंबली वॉर आदि।
रिकार्ड के बाद पहली राइड ताज नगरी में
आगरा। भारत में सबसे लंबी राइड का रिकॉर्ड (28096 किलोमीटर) शनिवार को तमिलनाडु के सॉफ्टवेयर इंजीनियर मनिगंडन मंजूनाथन ने अपने नाम किया। इसके बाद उनकी पहली राइड ताज रॉयल क्लब के बाइकर्स के साथ हुई। ताज रॉयल क्लब के धीरज सोलंकी ने बताया कि यह उनके लिए काफी गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि मनि का सिविल लाइन में क्लब के सदस्यों ने स्वागत किया। मनि की निगाह अब चीन के झांग यिंग फा के वर्ल्ड रिकॉर्ड (35511) को तोड़ने पर टिकी है। इसके लिए वह सोमवार सुबह लखनऊ के लिए रवाना होंगे।