थीम पार्क को लेकर मशक्कत कर रही प्रदेश सरकार की किसानों ने मुश्किल बढ़ा दी है। रहनकलां सहित एक दर्जन गांवों के अधिग्रहण प्रभावित सैकड़ों किसानों ने महापंचायत कर ऐलान कर दिया कि वह किसी कीमत पर थीम पार्क के लिए जमीन नहीं देंगे। जल्द ही आंदोलन का आगाज होगा। 60 सदस्यीय संघर्ष समिति का भी गठन कर किया गया है। बहुजन समाज पार्टी के तीन विधायकों ने महापंचायत में पहुंचकर समर्थन दिया है। महापंचायत में बसपा विधायक सपा और भाजपा पर जमकर बरसे।
बता दें कि प्रदेश सरकार द्वारा एनएच-2 और फतेहाबाद रोड के बीच निर्माणाधीन इनररिंग रोड के पास थीम पार्क प्रस्तावित है। इस पार्क के लिए रहनकलां सहित आसपास के लगभग दर्जनभर गांवों की जमीन का अधिग्रहण होना है। रविवार को किसान संघर्ष समिति के बैनर तले कई गांवों के लोगों की रहनकलां में महापंचायत हुई। पूर्वाह्न लगभग 11 बजे कोहरे के बीच शुरू हुई महापंचायत में सैकड़ों ग्रामीण जमीन अधिग्रहण को लेकर आक्रोश में थे।
बसपा विधायक डा. धर्मपाल सिंह ने प्रदेश सरकार को किसान विरोधी बताते हुए उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। कहा कि थीम पार्क के लिए जबरन अधिग्रहण नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भूख हड़ताल, पैदल मार्च, धरना प्रदर्शन जैसे आंदोलन चलाकर सरकार पर अधिग्रहण रद कराने के लिए दबाव डाला जाएगा।
पूर्व मंत्री जीपी पुष्कर ने कहा कि सरकार पूंजीपतियों को खुश करने के लिए किसानों का शोषण कर रही है। भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने भी आंदोलन का समर्थन किया है। महापंचायत की अध्यक्षता सीताराम निषाद, सत्यवीर सिंह चौहान, देवलाल बघेल, जनक सिंह, प्रेम चंद्र सिंह ने की। इस दौरान बसपा विधायक सूरजपाल, विधायक कालीचरन सुमन, बसपा मंडल कोआर्डिनेटर मलखान सिंह, बसपा जिलाध्यक्ष आजाद सिंह, डा. राजेंद्र वर्मा, किशनवीर, नेकराम नेताजी, प्यारेलाल, कैलाश वर्मा, राजकुमार शर्मा, बनवारी लाल, दाताराम, बदन सिंह, कपूर चंद्र, भूप सिंह, जगदीश प्रसाद, राम अवतार, रामबाबू वर्मा, मोहन सिंह, नवाब सिंह, चरण सिंह आदि मौजूद थे।
किसानों के घरों पर भी संकट
थीम पार्क के लिए भूमि अधिग्रहण की जद में कई गांवों के किसानों के घर भी शामिल हैं। प्रशासनिक अधिकारियों ने इनके घरों पर निशान लगाकर किसानों की धड़कनें बढ़ा दी थीं। हालांकि कुछ दिन पहले प्रशासनिक अधिकारियों ने साफ कर दिया था कि गांवों के अंदर बने घरों का अधिग्रहण नहीं किया जाएगा। रविवार को हुई पंचायत में किसानों ने कहा कि इस संबंध में अभी कानूनी प्रक्रिया प्रशासन ने पूरी नहीं की है। उनके घरों पर संकट बना हुआ है।
इन गांवों की जमीन पर अधिग्रहण की है तैयारी
. रहनकलां
. रायपुर
. गदपुरा
. गढ़ी जगन्नाथ
. गढ़ी संपत
. मनोहरपुर
. नगला नथोली
. नगला हरकेशी
. नगला रघुवंश
. नगला रंजीत
. नगला खरगा