आगरा। उत्तर प्रदेश प्रीमियर लीग (यूपीपीएल) के चौथे सत्र से पहले आगरा के बल्लेबाज निशांत कुशवाह ने अपने बल्ले से बड़ा संदेश दे दिया है। इस वर्ष गोरखपुर लायंस से रिटेन किए गए आगरा के निशांत ने वृंदावन क्रिकेट मैदान पर खेले गए मुकाबले में महज 32 गेंदों पर नाबाद 83 रन की तूफानी पारी खेलकर विनायक रॉयल्स को वीसीए सीनियर्स पर सात विकेट से एकतरफा जीत दिला दी।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वीसीए सीनियर्स की टीम की शुरुआत खराब रही। पूरी टीम 19.2 ओवर में 128 रन पर सिमट गई। प्रशांत चाहर ने 26, रमनदीप यादव ने 29 और प्रियांशु चौधरी 16 रन बनाए। विनायक रॉयल्स की ओर से दीपांशु अत्री और तनिष्क राजपूत ने दो-दो विकेट लिए। अमित ठैनुआ, विजय गौतम, बॉबी कुमार, विकास और ऋतिक सिंह महुरा ने एक-एक विकेट हासिल किया। 129 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी विनायक रॉयल्स की ओर से निशांत कुशवाह ने आक्रामक बल्लेबाजी का ऐसा नजारा पेश किया कि मुकाबला पूरी तरह एकतरफा हो गया। उन्होंने केवल 32 गेंदों में 13 चौके और चार छक्कों की मदद से नाबाद 83 रन बनाए। 259.38 के स्ट्राइक रेट से खेली गई उनकी पारी के दौरान वीसीए सीनियर्स का कोई भी गेंदबाज उन पर अंकुश नहीं लगा सका। आगरा के ही लक्ष्य सिंह राठौर ने 14 रन और अमित ठैनुआ ने भी 14 रन का योगदान दिया। विनायक रॉयल्स ने सिर्फ 10.2 ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
पारी आत्मविश्वास को नई ऊंचाई देगी
निशांत लगातार अपनी बल्लेबाजी पर मेहनत कर रहा है। सबसे अच्छी बात यह रही कि उसने शुरुआत से अंत तक अपनी लय बनाए रखी और मैच को पूरी तरह नियंत्रित किया। यूपीपीएल से पहले यह पारी उसके आत्मविश्वास को नई ऊंचाई देगी। -केके उपाध्याय, कोच और पूर्व आईपीएल खिलाड़ी।