आगरा। एसजीपीजीआई लखनऊ और एसएन के किडनी रोग विभाग के डॉक्टरों के साथ ऑनलाइन मीटिंग में मरीजों की रिपोर्ट पर चर्चा हुई। इसमें चिकित्सकीय जांच देखने के बाद एसजीपीजीआई की टीम ने तीनों मरीजों की रिपोर्ट ठीक बताते हुए ट्रांसप्लांट के लिए सहमति दी है। अगले बुधवार को तिथि तय होगी। इससे मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। इनको किडनी ट्रांसप्लांट के लिए शहर से बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि किडनी ट्रांसप्लांट के लिए पहले चरण में 10 मरीजों का पंजीकरण किया है। इसमें से तीन मरीजों के चिकित्सकीय जांच और कानूनी अनुमति मिलने के बाद एसजीपीजीआई को रिपोर्ट भेजी थी। बुधवार को एसजीपीजीआई और एसएन के किडनी रोग के विशेषज्ञों के साथ ऑनलाइन मीटिंग हुई। इसमें मरीजों के चिकित्सकीय जांच रिपोर्ट देखी, ओटी समेत अन्य चिकित्सकीय संसाधनों के बारे में भी बात हुई। एसजीपीजीआई की टीम ने तीनों मरीजों को ट्रांसप्लांट के लिए फिट बताया है। मरीजों को दूसरे शहरों में
जाने की नहीं पड़ेगी जरूरत
किडनी रोग विभागाध्यक्ष डॉ. अपूर्व जैन ने बताया कि एसजीपीजीआई की टीम के साथ ऑनलाइन मीटिंग कर ऑपरेशन की कार्ययोजना तय हो चुकी है। पहले चरण में तीन मरीजों के ट्रांसप्लांट होंगे। इसके लिए चरणबद्ध तिथि दी जाएगी। इसके बाद एसएन के विशेषज्ञ ही ऑपरेशन करेंगे। विभाग में चार आइसोलेट चैंबर बन चुके हैं। आयुष्मान योजना समेत अन्य योजना के लाभार्थी की किडनी ट्रांसप्लांट निशुल्क होगा। अन्य के लिए करीब 2.50 लाख रुपये का खर्चा आएगा। इससे मरीजों को दूसरे शहरों में ट्रांसप्लांट के लिए नहीं जाना पड़ेगा।