उत्तर प्रदेश के आगरा में बृहस्पतिवार को विजय नगर निवासी एक व्यक्ति में कोरोना की पुष्टि हुई थी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने 22 लोगों के नमूने लिए थे। अब उसकी 38 वर्षीय पत्नी की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। हालांकि बच्चे की रिपोर्ट निगेटिव है। दो दिन बाद फिर उसका नमूना लिया जाएगा।
कोरोना की दवाएं उपलब्ध कराई गईं
स्वास्थ्य विभाग की ओर से व्यक्ति के संपर्क में आने वाले 22 लोगों के नमूने शुक्रवार को लिए गए थे। एसएन मेडिकल कॉलेज की लैब में जांच हुई। 21 रिपोर्ट निगेटिव रही। युवक की पत्नी में कोरोना की पुष्टि हुई है। उन्हें भी होम आइसोलेट कर दिया गया है। विभाग की टीम ने कोरोना की दवाएं उपलब्ध करा दी हैं।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अरुण कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि महिला के संपर्क में आने वाले पड़ोसियों के भी नमूने लिए जाएंगे। बच्चे की रिपोर्ट भले निगेटिव है, उसकी दोबारा जांच कराई जाएगी। बच्चा जिस स्कूल में पढ़ता है, उसमें अभी छुट्टियां चल रही हैं।
संजय प्लेस मार्केट के दुकानदारों की भी होगी जांच
विजय नगर निवासी जो युवक कोरोना संक्रमित है, वह संजय प्लेस स्थित मोबाइल के शोरूम में काम करता है। मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि टीम भेजकर वहां के दुकानदारों व उनमें काम करने वाले लोगों के नमूने लिए जाएंगे।