करहल (मैनपुरी)। झगड़े की सूचना पर बहन के घर आई युवती और सहेली को पीटने और छेड़छाड़ मामले में मुख्यमंत्री कार्यालय के संज्ञान के बाद मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी ने युवती को छत से फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की जगह युवतियों का ही शांतिभंग में चालान कर दिया था। पीड़िताओं ने इसकी शिकायत मुख्यमंत्री से की गई थी।
औरेया के एक गांव की रहने वाली एक युवती और उसकी सहेली ने कुर्रा थाने में शिकायत दर्ज न होने के बाद मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेज कर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की थी। बताया था कि कुर्रा क्षेत्र के एक गांव में बहन की ससुराल है। 10 जुलाई को बहन के घर पर घूमने गई भाभी ने फोन कर कहा कि ननद के घर में झगड़ा हो रहा है। वह गांव आकर उसे घर ले जाए। युवती अपनी एक सहेली के साथ भाभी को लेने बहन की ससुराल गई तो वहां बहन के देवरों व अन्य ने उसे व सहेली को कमरे में बंद कर पिटाई की। पीड़िता ने आरोप लगाया कि एक देवर ने उनके साथ छेड़छाड़ भी की। जब वह लोग बच कर छत पर भागे तो एक आरोपी ने सहेली को छत से नीचे फेंक दिया। किसी तरह से वह लोग जान बचाकर वहां से निकले। शिकायत के बाद थाना पुलिस ने उनके खिलाफ ही शांतिभंग की कार्रवाई करते हुए चालान कर दिया। शिकायत पर मुख्यमंत्री कार्यालय से संज्ञान के बाद बृहस्पतिवार को कुर्रा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच व कार्रवाई शुरू कर दी है।