प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाते हुए सीओ
- फोटो : अमर उजाला
मैनपुरी जिले के घिरोर के एक पीड़ित परिवार को धरना प्रदर्शन के लिए उकसाने और तिकोनिया पार्क में बैठाने के आरोप में पुलिस ने भीम आर्मी के राष्ट्रीय महासचिव सहित 27 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। मंगलवार को धरने के दौरान सीओ से भी पार्टी के लोगों की कहासुनी हुई थी। काफी देर तक गहमागहमी के बाद सभी लोगों को पार्क से हटा दिया गया था।
थाना घिरोर क्षेत्र के नगला बाग निवासी अवधेश कुमार कई दिनों से लापता है। सोमवार को उसकी बरामदगी को लेकर परिवार के लोग तिकोनिया पार्क पहुंचे थे। वहां भीम आर्मी भारत एकता मिशन के राष्ट्रीय महासचिव विजय कुमार आजाद और जिलाध्यक्ष मोनू कुमार आजाद ने सभी को अनिश्चितकालीन धरने पर बैठा दिया।
संगठन के माध्यम से एसपी के नाम एक तीन सूत्रीय मांग पत्र भी तैयार कराया गया। धरना की सूचना पर पहुंचे सीओ अभय नरायन राय ने प्रदर्शन कर रहे लोगों ने समझाने का प्रयास किया तो वहां अफरातफरी का माहौल बन गया। सीओ ने भीम आर्मी के लोगों को समझाया कि वह किसी भी तरह से कानून का उल्लंघन न करें। इसको लेकर वहां काफी देर तक नोकझोंक भी हुई।
इसके बाद सीओ ने सभी को तिकोनिया पार्क से हटा दिया था। उक्त मामले में देर रात सिविल लाइन चौकी इंचार्ज की ओर से भीम आर्मी के राष्ट्रीय महासचिव, जिलाध्यक्ष सहित 27 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।