उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं में अनियमितता की शिकायत पर मथुरा श्रम कार्यालय का तीन सदस्यीय जांच टीम ने औचक निरीक्षण किया। जिसमें अनियमितता मिलने पर जिम्मेदारों के खिलाफ विभाग की ओर से कार्रवाई की गई है।
मथुरा में अपात्रों को लाभ प्रदान करने के मामले में सहायक श्रमायुक्त एमएल पाल ने विभागीय कर्मचारी समेत 10 के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। कोतवाली इस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं में गंभीर अनियमितता की शिकायत सहायक श्रमायुक्त को नियमित प्राप्त हो रही थीं। जनपद मथुरा से प्राप्त हो रही शिकायतों पर मंत्री श्रम एवं सेवायोजन की अध्यक्षता में 4 मई की समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देश के अनुपालन में सचिव उप्र भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड लखनऊ के नेतृत्व में तीन सदस्यीय जांच टीम ने नौ मई को कार्यालय सहायक श्रमायुक्त का औचक निरीक्षण कर मामले की जांच की।
विज्ञापन
जांच में टीम ने अभिलेखों का परीक्षण किया एवं शिकायतकर्ताओं के बयान भी दर्ज किए। अभिलेखों के परीक्षण में गंभीर वित्तीय अनियमितता की पुष्टि हुई और अपात्रों को कूटरचित(जाली) अभिलेखों के आधार पर हित-लाभ प्राप्त करने के प्रकरण संज्ञान में आए, जिससे शासकीय धन के दुरुपयोग का मामला पकड़ में आया। इसके लिए शासकीय धन की वसूली के प्रयास किए जा रहे हैं। उक्त के संबंध में दोषी विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए शासन को प्रकरण संदर्भित कर दिया गया है।
जांच में फर्जीवाड़े के आधार पर सरकारी धन के दुरुपयोग का मामला सामने आया, जिसके क्रम में दोषी व्यक्तियों के खिलाफ सचिव उप्र भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड लखनऊ के निर्देश पर दोषी दस व्यक्तियों जिसमें कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, अपात्र लाभार्थियों एवं दो अन्य असामाजिक तत्वों के विरूद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं। कोतवाल विजय कुमार सिंह ने बताया कि सुरेश, मदनलाल, गजेंद्र, उर्मिला, हरदम, कमला देवी के अलावा श्रम प्रवर्तन अधिकारी सूरज तिवारी, तत्कालीन श्रम प्रवर्तन अधिकारी श्यामसुंदर, कार्यालय के वरिष्ठ सहायक डीएस दीक्षित और हुकुम सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जल्द ही जांच पूरी करके आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।