फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: आबादी के बीच खड़े गैस चैंबर, सिर्फ कागजों में सेफ्टी ऑडिट; गैस रिसाव की आगरा में पहले भी हुईं कई घटनाएं

Fri, 13 Mar 2026 11:05 AM IST
Dhirendra Singh अमर उजाला न्यूज नेटवर्क, आगरा

सार

आगरा में बार-बार गैस रिसाव की घटनाओं के बावजूद रिहायशी इलाकों में फैक्टरी, कोल्ड स्टोरेज और चिलर प्लांट संचालित हो रहे हैं। सुरक्षा इंतजामों की अनदेखी और औपचारिक सेफ्टी ऑडिट के कारण कभी भी बड़ा हादसा होने का खतरा बना हुआ है।
 
विज्ञापन
आगरा में अमोनिया गैस लीक। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आगरा  में अमोनिया गैस रिसाव का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले शहर से लेकर खंदौली, एत्मादपुर और शमशाबाद तक फैक्टरी, कोल्ड स्टोरेज व चिलर प्लांटों में रिसाव की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ज्यादातर घटनाएं जिन परिसरों में हुईं, वह आबादी के आसपास स्थित हैं। कुछ लोगों को जान तक गंवानी पड़ी, लेकिन जिम्मेदारों ने कभी इसके प्रति गंभीर कदम उठाए। नतीजतन, बृहस्पतिवार को फिर गैस रिसाव से आबादी की जान पर बन आई।
विज्ञापन



 

बृहस्पतिवार को हुई घटना से पहले निबोहरा में भाजपा नेता व पूर्व ब्लाक प्रमुख सुग्रीव चौहान की गोविंद डेयरी के चिलर प्लांट में 18 जून 2024 की रात अमोनिया गैस का रिसाव हो गया था। उस घटना में कई कर्मचारी व आसपास के क्षेत्र में रहने वालों को सांस लेने में तकलीफ हुई। घटना में बरहन के आंवलखेड़ा निवासी ऑपरेटर मानवेंद्र उर्फ राजू (38) की माैत हो गई थी। उस समय लोगों ने बताया था कि उसी प्लांट में वर्ष 2010 में भी उद्घाटन के समय भी अमोनिया गैस का रिसाव हुआ था। हालांकि 2024 के लोकसभा चुनाव के दाैर में यह घटना सियासी शोर में दब गई। शहर के बीचों-बीच स्थित फैक्ट्रियों, कोल्ड स्टोरेज व चिलर में सुरक्षा उपकरणों का अभाव आज भी बना हुआ है। प्रशासन की ढिलाई के कारण रिहाइशी इलाकों में चल रहे ये गैस चैंबर कभी भी बड़ी जनहानि का कारण बन सकते हैं।


 
विज्ञापन

कब कब हुई गैस रिसाव की घटनाएं
- जुलाई 2025 में थाना मलपुरा के ज्योति पुरम कॉलोनी में बंदरों द्वारा ग्रीन गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त करने से गैस लीक हुई थी। इस घटना के बाद आसपास के क्षेत्र अफरा-तफरी हो गई थी।
- जुलाई 2025 को खंदौली थाना क्षेत्र के पोइया गांव स्थित उजाला कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया गैस का रिसाव होने से अफरातफरी मच गई।
- अगस्त 2025 में बाह थाना क्षेत्र के पुरा जसौर में घरेलू गैस सिलेंडर लीक होने से एक घर में भीषण आग लग गई। इस घटना में एक ही परिवार के 14 लोग बुरी तरह झुलस गए।
- अप्रैल 2024 में औद्योगिक क्षेत्र नुनिहाई में गर्ग बर्फ फैक्टरी में अमोनिया का रिसाव होने से 4 बच्चे बेहोश हो गए थे। दो घंटे तक नुनिहाई के आबादी क्षेत्र में रही अफरातफरी। गुस्साए लोगों ने जाम लगाया था।
- फरवरी 2024 में सराफा बाजार नमक की मंडी में चांदी पाॅलिश के प्लांट में गैस रिसाव से दो लोगों की माैत हो गई थी। हंगामा हुआ तो पुलिस ने फैक्टरी मालिक पर प्राथमिकी दर्ज की लेकिन ठोस कदम नहीं उठाए गए।
- जनवरी 2018 में घागपुरा, फतेहाबाद में गार्गी कोल्ड स्टोरेज में भीषण गैस रिसाव हुआ। 500 किसानों की आलू फसल बर्बाद हुआ लेकिन कोई जनहानि नहीं हुई।
- 2017 में जीवनी मंडी वाटरवर्क्स में क्लोरीन गैस का रिसाव हो गया था। इस रिसाव के कारण कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई और लोग सांस लेने में तकलीफ के कारण घरों से बाहर आ गए।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें