सर्वर ठप होने के चलते स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन विभाग में कार्य नहीं हो पा रहा था। छठवें दिन सर्वर शुरू होते ही सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक बैनामा, मुख्तारनामा, इकरारनामा के अलावा मुआयना, नकल और विवाह पंजीकरण के लिए भी आवेदक सदर तहसील पहुंचे।
आगरा में स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन विभाग का पांच दिन से बंद सर्वर छठवें दिन चालू हुआ तो बृहस्पतिवार को नौ उप निबंधक कार्यालयों में सात घंटे में रिकार्ड 778 बैनामा पंजीकृत हुए। सदर सहित सभी तहसीलों में दिनभर पक्षकारों की कतार लगी रही। 3.53 करोड़ रुपये का राजस्व मिला।
विज्ञापन
आठ से 11 नवंबर तक बैनामा सर्वर बंद रहा। पुराने सर्वर का डाटा नए सर्वर पर हस्तांतरित करने के कारण पांच दिन तक दिक्कतों का सामना करना पड़ा। छठवें दिन स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन विभाग के सर्वर से बैनामा पंजीकरण प्रक्रिया बृहस्पतिवार से शुरू हो गई। सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक बैनामा, मुख्तारनामा, इकरारनामा के अलावा मुआयना, नकल और विवाह पंजीकरण के लिए भी आवेदक सदर तहसील पहुंचे।
सहायक महानिरीक्षक निबंधन योगेश कुमार ने बताया कि उप निबंधक द्वितीय कार्यालय में हुए बैनामा का विवरण प्राप्त नहीं हो सका है। खेरागढ़, एत्मादपुर, बाह, फतेहाबाद, किरावली और सदर तहसील स्थित चार उप निबंधक कार्यालयों में कुल 778 बैनामे दर्ज हुए हैं।
विज्ञापन
सबसे ज्यादा 152 बैनामे एत्मादपुर उप निबंधक कार्यालय में हुए। फतेहाबाद में 115, किरावली में 95, बाह में 77 और सदर तहसील स्थित उप निबंधक तृतीय और पंचम में 77-77 बैनामे हुए। इनके अलावा 20 से अधिक लोगों ने नकल के लिए सवाल डाला। शुल्क जमा कराए। मुआयना के लिए भी 20 से अधिक पक्षकारों ने शुल्क जमा कराए। सहायक महानिरीक्षक के अनुसार शुक्रवार से सभी उपनिबंधक कार्यालयों में नियमित पंजीकरण कार्य होगा।