मैनपुरी। शादी की तारीख तय होने के बाद दहेज में 5 लाख रुपये की मांग रख दी गई। जब लड़की पक्ष ने असमर्थता जाहिर की तो कोतवाली क्षेत्र के खरपरी के रहने वाले लड़के पक्ष ने बरात लाने से मना कर दिया। शनिवार को कन्नौज की रहने वाली पीड़ित परिजन के साथ एसपी कार्यालय पहुंची और शिकायती पत्र दिया।
जनपद कन्नौज की रहने वाली युवती ने एसपी कार्यालय में दिए गए प्रार्थना पत्र में कहा कि उनका रिश्ता गांव खरपरी निवासी युवक के साथ तय हो गया था। मुंह दिखाई आदि की रस्म माता शीतला देवी मंदिर में पूरी हो चुकी थी। 5 मार्च को बरात की तिथि तय हुई थी। अचानक से लड़के पक्ष ने पांच लाख रुपये दहेज की मांग करना शुरू कर दिया। कह दिया कि अगर 5 लाख रुपये नहीं दोगे तो बरात नहीं लाएंगे। शादी तय होेने के बाद बाद सभी रिश्तेदारों को कार्ड बांटे जा चुके हैं, हलवाई टैंट आदि भी बुक किया जा चुका है। पीड़िता ने एसपी से मामले में जांच कर कार्रवाई कराए जाने की मांग की है।