कासगंज। सहावर क्षेत्र के ग्राम नगला भीमसेन की एक युवती से गोद भराई की रस्म के बाद वर पक्ष द्वारा शादी से इंकार कर दिया गया। मामले में युवती के पिता की शिकायत पर जिलाधिकारी ने कार्रवाई का निर्देश दिया। पुलिस ने 7 आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच में जुटी है।
ग्राम नगला भीमसेन निवासी जुगल किशोर का कहना है कि उन्होंने अपनी पुत्री पिंकी की शादी 16 फरवरी को सोनू निवासी जिरौली दादों अलीगढ़ से रघुराज निवासी जिन्हैरा मिरहची एटा के माध्यम से पक्की की। 7 मार्च को उनके घर पर गोद भराई की रश्म पूरी की गई। वहीं दोनों पक्षों की शादी के लिए सहमति बन गई। 27 अप्रैल विवाह का मुहूर्त निर्धारित किया गया। उनका आरोप है कि वर पक्ष द्वारा शादी से यह कहकर इंकार कर दिया गया कि तुम से अधिक बजट में शादी कहीं ओर से हो रही है। मामला प्रोजेक्ट दीदी में भी चला, लेकिन बात नहीं बनी। उन्होंने मामले की शिकायत जिलाधिकारी से की। जिलाधिकारी के आदेश पर पुलिस ने सोनू, सौदान सिंह, योगेश, बबलू, नरेश, किरन, पिंकी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
थाना प्रभारी राजकुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।