कासगंज-बरेली मार्ग पर कासगंज गेट तिराहे पर भगवान वराह चौक पर एक अनियंत्रित टैंकर सामने से आ रहे वाहन को बचाने की कोशिश में चौक पर खड़ी मैक्स से टकराते हुए पलट गया। टैंकर पलटने पर उसमें भरा पाम ऑयल भी सड़क पर फैल गया। हादसे में टैंकर चालक एवं मैक्स चालक घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सड़क पर फैला तेल लोग भरकर ले जाने लगे। पुलिस को लोगों को खदेड़ना पड़ा। टैंकर में 15 टन ऑयल था इसमें से दस टन फैल गया। टैंकर गुजरात से उत्तराखंड जा रहा था।
सुबह 5 बजे जब टैंकर अनियंत्रित होकर मैक्स से टकरा कर पलटा था उससे ठीक 15 मिनट पहले गंगा स्नान को आए श्रद्धालु उतरकर चले गए थे। अगर श्रद्धालु मैक्स में होते तो बड़ा हादसा हो सकता था।
कचौरी, समोसे आदि नाश्ता तैयार करने वाले दुकानदार व ढकेल संचालक सड़क पर फैले तेल को डिब्बों में भरते नजर आए। स्थानीय लोगों ने ऐसे दुकानदारों के फोटो वीडियो बनाकर वायरल कर दिए। सोरोंजी अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हरीश कुमार ने बताया कि इस तरह के दूषित ऑयल से बनी वस्तुएं खाने से लोगों को पेट व लिवर संबंधी दिक्कत हो सकती हैं। इससे बचाव बेहद जरूरी है।
टैंकर पलटकर वराह मूर्ति के प्लेटफॉर्म पर गिरने से पत्थरों का प्लेटफॉर्म व रेलिंग पूरी तरह टूट गए। इससे पालिका का 1.5 से 2 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पालिका की ओर से कोतवाली में टैंकर चालक के खिलाफ तहरीर दी गई है।
कासगंज गेट तिराहा दुर्घटनाओं के लिए बेहद संवेदनशील है। यहां पहले भी लोगों के वाहन दुर्घटनाग्रस्त हुए हैं। सर्दी के समय में भी वराह चौक में अनियंत्रित वाहन घुसने की दुर्घटना हुई। पिछले माह हुई दुर्घटना में एक की जान गई थी।
सड़कों से बहता ऑयल नाले नालियों में जा पहुंचा तो लोगों ने पानी की ऊपरी सतह पर तैरते पाम ऑयल को भरने से भी परहेज नहीं किया। लोग नाले में डिब्बों को लेकर ऑयल भरने के लिए उतर गए। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। कोतवाली प्रभारी सोरोंजी रमेश चंद्र भारद्वाज ने बताया कि टैंकर पाम ऑयल लेकर गुजरात से उत्तराखंड जा रहा था। टैंकर में 15 टन ऑयल भरा था। जिसमें से करीब 10 टन पाम ऑयल फैल गया। दुर्घटना में दोनों वाहनों के चालक घायल हो गए। जिनका इलाज सरकारी अस्पताल में चल रहा है।- , ,