ताजमहल पर प्रतिबंधित क्षेत्र में विदेशी मेहमानों ने डांस की रील बना डाली। ये वीडियो वायरल होने के बाद बवाल मचा हुआ है। इस मामले में गाइड पर कार्रवाई की मांग की गई है।
ताजमहल के रॉयल गेट प्लेटफार्म पर पूर्वी गेट की ओर विदेशी पर्यटकों के डांस करने की रील बनाई गई। किसी गाइड ने इसका वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर इसे वायरल कर दिया।
विज्ञापन
ताजमहल पर डांस करने और शूटिंग की अनुमति नहीं है। कलाकार के साथ वीडियो बनाने के लिए पूर्व में अनुमति लेनी होती है। वहीं, व्यावसायिक फोटोग्राफी और वीडियो शूटिंग पर भी रोक है। विदेशी पर्यटकों के साथ आए गाइड को इस वीडियो में मदद करते हुए देखा गया है। इस मामले में गाइड पर कार्रवाई की मांग की गई है।
रामबाग में पेड़ से तोड़े अमरूद, वीडियो वायरल
रामबाग स्मारक में लगे अमरूद के पेड़ पर चढ़कर तोड़ने का वीडियो मंगलवार को वायरल हो गया। रामबाग में प्रवेश द्वार के पास हाईवे की ओर अमरूद के पेड़ लगे हैं। यहां एक व्यक्ति ऊपर चढ़कर अमरूद तोड़ते हुए वीडियो में नजर आया। मामले में अधीक्षण पुरातत्वविद डॉ. राजकुमार पटेल ने बताया कि स्मारक में अमरूद तोड़ने वालों को रोका जाता है। फल-फूल कोई नहीं तोड़े, यह नैतिक जिम्मेदारी पर्यटक की भी है। एएसआई कर्मचारी रोकते भी हैं। अमरूद तोड़ने पर कार्रवाई का कोई प्रावधान नहीं है।