आगरा। विश्वविद्यालय की मुख्य परीक्षा के दौरान सोमवार को गुमानी सिंह महाविद्यालय, हाथरस में सचल दल को परीक्षा के दौरान डीवीआर रिकॉर्डिंग बंद मिली। इससे परीक्षा संचालन की गतिविधियां रिकॉर्ड नहीं हो पाई। इस पर सचल दल ने रिपोर्ट बनाकर कुलपति को सौंपा है।
विश्वविद्यालय के सचल दल प्रभारी प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि गुमानी सिंह महाविद्यालय में श्रीजलधारा महाविद्यालय का सेंटर है। सोमवार को बीकॉम अंतिम वर्ष की परीक्षा चल रही थी। जब सचल दल निरीक्षण करने परीक्षा केंद्र पहुंचा तो उसे डीवीआर रिकॉर्डिंग बंद मिली। केंद्र प्रभारी से पूछने पर वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। ऐसे में सचल दल ने रिपोर्ट बनाकर विश्वविद्यालय प्रशासन को सौंप दी है। इसके खिलाफ जांच कराते हुए कार्रवाई की जाएगी।
कुलपति प्रो. आलोक राय ने बताया कि नकल रोकने और ओएमआर शीट को सचल दल अपनी निगरानी में ही सील कर रहे हैं। उनको यह भी हिदायत दी गई है कि वह सीसीटीवी कैमरे संचालित हैं कि नहीं, डीवीआर रिकॉर्डिंग हो रही है कि नहीं, इसकी भी रिपोर्ट में जानकारी जरूर दें। इसकी सूचना नियंत्रण कक्ष में भी देने को कहा गया है।
सोमवार को विश्वविद्यालय की 28951 विद्यार्थियों की परीक्षा हुई। नकल पकड़ने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने नौ सचल दल केंद्रों पर छापे मारने के लिए भेजे। सचल दल ने परीक्षा केंद्र पर अपनी निगरानी में ही ओएमआर शीट को सील कराने के बाद जमा करवाई।